तिलहर/ निगोही। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को निगोही की डंडिया बाजार से सपा मुखिया अखिलेश यादव, मायावती और राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा के समर्थन से सोनिया गांधी की सरकार चलती थी। तब आलिया, मालिया और जमालिया पाकिस्तान से आकर देश के जवानों के सिर काट लेते थे और मौनी बाबा मनमोहन सिंह चुप रहते थे। उरी और पुलवामा में हमला होने पर हमने दस दिन के अंदर एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक कर घर में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया। उन्होंने कटाक्ष किया कि चुनाव से पहले समाजवादी इत्र वाले के यहां छापे में बेनामी रुपया मिलता है तो अखिलेश बाबू के पेट में मरोड़ होने लगती है। अखिलेश बाबू यह मोदी की सरकार है, जो टैक्स नहीं भरेगा, उसे जेल की सलाखों के पीछे जाना होगा।
शुक्रवार दोपहर तीन बजकर आठ मिनट से 3.35 तक अमित शाह ने तिलहर से भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा के समर्थन में आयोजित सभा में भाषण की शुरुआत भगवान परशुराम के चरणों में प्रणाम कर की। इसके बाद आजम, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी को घेरते हुए कहा कि आजम खान बहुत बोलते थे। गरीबों को प्रताड़ित करते थे। भाजपा की सरकार ने अच्छे-अच्छों की हेकड़ी उतारने का काम किया। भाजपा की सरकार में किसी की जमीन पर कब्जा करने की किसी में हिम्मत नहीं है। उन्होंने जनता से सवाल किया कि प्रदेश के सामने योगी और अखिलेश विकल्प हैं। योगी सीएम बनने वाले हैं। यदि धोखे से अखिलेश सीएम बन गए तो आजम, मुख्तार अंसारी जेल से बाहर होंगे। माफिया को जेल में बने रहने के लिए कमल के फूल का बटन दबाना होगा।
पिछले पांच साल में सातवें नंबर से दूसरे नंबर पर यूपी की अर्थव्यवस्था लाने का दावा करते हुए अमित शाह ने कहा कि जातिवाद को हमने समाप्त किया। सपा-बसपा की सरकारों में कुछ जाति के लोगों के काम होते थे। हमने सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास कर काम कर यूपी के गरीबों का कल्याण किया। अमित शाह ने सपा प्रमुख द्वारा योगी से हिसाब मांगे जाने के बयान का निगोही के मंच से जवाब दिया। बोले-अखिलेश बाबू भाजपा शासन में 72 प्रतिशत डकैती, 62 प्रतिशत लूट, 31 प्रतिशत हत्या, 19 प्रतिशत अपहरण जैसी वारदात में कमी लाने का काम किया। उन्होंने पहले राउंड की वोटिंग में पश्चिमी यूपी से सपा का सूपड़ा साफ होने का दावा करते हुए शाहजहांपुर वालों से जीत का चौका लगाने का आह्वान किया। बोले-योगी की सरकार बनेगी तो यूपी में माफिया से निजात मिलेगी। अमित शाह ने भाजपा के घोषणा पत्र में छात्राओं को स्कूटी देने की घोषणा पर अखिलेश बाबू पेट्रोल डलवाने की बात कहते हैं। इसका मतलब पहले हम जीतेंगे, फिर वह स्कूटी में पेट्रोल डलवाएंगे।
उन्होंने बिजली के मुद्दे पर सपा-बसपा को घेरते हुए कहा कि उनके राज में बिजली नहीं आती थी। हम शहर को 24 घंटे और गांवों को 22 घंटे बिजली दे रहे हैं। हर किसान को फसल के लिए फ्री बिजली देने का वादा भी किया है।
अमित शाह ने सपा और बसपा व कांग्रेस पर भी पलटवार करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने पर राहुल बाबा विरोध में खड़े हो गए। अखिलेश बाबू ने भी वोट बैंक के छिटकने के डर से विरोध करते हुए खून की नदियां बह जाने की बात कहीं, पर किसी ने एक कंकड़ चलाने की हिम्मत नहीं की।
सभा में सांसद अरुण सागर, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, जितिन प्रसाद, राकेश मिश्रा, अरूण यादव, शिव कुमार पाराशरी, अवधेश वर्मा, श्याम नारायण मिश्रा, सुरेंद्र नाथ वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।
--------------
50 मिनट में संगठन की मीटिंग, जीत का दिए मंत्र
-सभा खत्म होने के बाद मंच के पीछे अमित शाह ने 50 मिनट तक रुककर संगठन के बड़े नेताओं की मीटिंग ली। उन्होंने चुनावी प्रबंधन की जानकारी लेने के साथ ही प्रत्याशियों और पार्टी पदाधिकारियों को जीत का मंत्र दिया।