शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गर्मी निकाल देने वाले बयान पर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को शाहजहांपुर के बरेली मोड़ पर कार्यकर्ता सम्मेलन में एक बार फिर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पहले चरण के चुनाव के बाद हमारे बाबा मुख्यमंत्री के कार्यकर्ता और नेता ठंडे पड़ गए हैं। माताओं-बहनों के महंगा सिलिंडर दिखाने पर भाजपा वालों का डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार बंद हो गया। सपा सरकार आने पर नौकरियां निकाली जाएंगी।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वाले हवाई चप्पल वाले को हवाई जहाज में सफर कराने की बात कहते थे, लेकिन पेट्रोल-डीजल महंगा होने से गरीब की गाड़ी तक नहीं चल पा रही है। यह सरकार दोबारा आई तो चुनाव के बाद राशन बंद कर पेट्रोल-डीजल 200 के पार पहुंचा देंगे। अखिलेश ने सवाल किया पीएम, सीएम, गृहमंत्री बताएं राशन के लिए बजट में पैसा क्यों नहीं रखा। जब बजट में पैसा नहीं तो केवल वोट लेने के लिए राशन दे रहे। उन्होंने ऐलान किया कि हम गरीबों के लिए सरसों का तेल, राशन, घी के साथ पौष्टिक आहार भी देंगे।
भाजपा पर हमला, राशन-रोजगार, पुरानी पेंशन और 300 यूनिट बिजली का वादा
शाहजहांपुर। शनिवार को 33 मिनट के भाषण में अखिलेश ने अपने अंदाज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कई बार तंज कसा। सभा में महंगे सिलिंडर, पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम, बेरोजगारी, महंगी बिजली और पेंशन को लेकर भाजपा को घेरा तो पांच साल तक राशन देने, नौजवानों को रोजगार देने और पुरानी पेंशन देने का ऐलान करते हुए सरकारी कर्मचारियों को साधने की कोशिश की।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर युवाओं का सपना पूरा करेंगे। पुलिस की भर्ती निकालेंगे। रिक्त पदों को भरेंगे, साथ ही सेना में नौकरी निकलवाने का काम करेंगे। मेडिकल कॉलेज का खाली भवन नहीं होगा, बल्कि दवाई से लेकर सभी सुविधाएं सरकार बनने पर देंगे। दोपहर 2.41 बजे आए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनता से छह विधानसभाओं में जीत का छक्का लगाने की अपील की। बोले-यह जोश बता रहा कि सभी सीटों पर सपा की जीत तय है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसा कि पहले चरण के चुनाव के बाद भाजपा वालों का मौसम खराब हो गया। किसानों, नौजवानों ने गठबंधन के पक्ष में मतदान कर भाजपा की खाट खड़ी कर दी।
उन्होंने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा वाले आए होंगे। छोटे से लेकर बड़े नेता ने झूठ बोला होगा। भाजपा झूठी पार्टी है। बोले-किसानों की आय दोगुनी करने की बात करते थे। अखिलेश यादव ने सवाल किया कि बताओ आय दोगुनी हुई। आय दोगुनी न हुई, उल्टे गन्ने का भुगतान, धान की कीमत तक नहीं मिल पाई। शाहजहांपुर की खाद फैक्ट्री से भाजपा वाले खाद तक नहीं दिला पाएं। उन्होंने सपा के 300 यूनिट फ्री बिजली के वादे पर भाजपा के सवाल खड़े करने पर जवाब दिया। कहा कि जब भाजपा वाले पूछें बिजली कहां से आएंगी तो उन्हें शाहजहांपुर की सबसे ऊंची चिमनी दिखा देना। यहीं से बिजली आएगी। गरीबों को बिजली के बिल का करंट नहीं लगने देंगे। सरकारी कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन की बहाली करने की घोषणा की। कहा कि युवा जानते हैं कि परीक्षा होने पर पेपर लीक हो जाता है। परीक्षा रद हो जाती है। बीएड, टीईटी 2011 के अभ्यर्थियों की सरकार ने सुनवाई नहीं की। धरने पर बैठने पर अपमानित होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि भाजपा वालों की भाषा बदल गई। वह माफिया, अपराधी कहते हैं। बोले-कभी सोचा है कि बाबा मुख्यमंत्री माफिया, गुंडों का बार-बार नाम क्यों लेते हैं। वह सुबह शीशे के सामने खड़े होते हैं तो उन्हें शीशे में दिखाई देता है। जैसे ही जनसभा में पहुंचते हैं तो गुंडागर्दी, माफिया हटाने की बात कहते हैं।
इस मौके पर सपा से नगर प्रत्याशी तनवीर खां, पुवायां से उपेंद्र पाल, ददरौल से राजेश वर्मा, जलालाबाद से नीरज मौर्या, तिलहर से रोशन लाल वर्मा और कटरा से राजेश यादव को चुनाव जीताने की अपील की। सभा में एमएलसी अमित यादव रिंकू, पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद, पूर्व एमएलसी संजय मिश्रा, राजेश वाल्मीकि, सैयद रिजवान, अर्चना वर्मा, विकास चंद्रा, राजा नसीम खान,हरभजन सिंह दुआ, नीरज मिश्रा आदि मौजूद रहे।
------------------------
परिवार वालों का दुख परिवार वाले समझ सकते
-अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा वाले परिवार वालों की सरकार आने की बात कह रहे हैं, परिवार वाले का दुख परिवार वाले ही समझ सकते हैं। जो परिवार वाले नहीं, वह परिवार का दुख कैसे समझ सकते हैं। उन्होंने कोरोना काल में गर्भवती महिला की सरकार द्वारा मदद नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा की सरकार होती तो डीएम की गाड़ी छीनकर गर्भवती को घर तक पहुंचा देते।
-----------------------
पेंशन तीन गुना करेंगे, एंबुलेंस और 100 नंबर गाड़ी बढ़ाएंगे
-पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने पर तीन गुना बढ़ाकर समाजवादी पेंशन देंगे। बोले-बाबा ने न टॉयर बदला न रंग बदला। 100 डायल का नंबर बदलकर 112 कर दिया। जब से नंबर बदला, तब से पुलिस कबाड़ा हो गई। बोले कि स्वास्थ्य सेवाएं सुधारने के लिए एम्बुलेंस को बढ़ाएंगे। 100 डॉयल के वाहनों की संख्या दोगुनी करेंगे।
-----------------
युवाओं, गोपालकों से लेकर किसानों तक को साध गए अखिलेश
-सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाषण के दौरान युवाओं से लेकर किसानों तक को साधने का प्रयास किया। किसनों की दुखती रग पर हाथ रखकर बोले कि किसान एक साल तक धरने पर बैठे रहे। अंत में सरकार को पीछे हटना पड़ा। तीनों काले कानून वापस लेना पड़े। बोले-सरकार आने पर किसानों के लिए शहीद स्मारक बनाएंगे, साथ ही शहीद किसानों की 25 लाख रुपये देकर मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि किसान अपने मान-सम्मान का चुनाव समझ रहा। भाजपा के प्रत्याशी किसानों के सामने 700 बार उठक-बैठक भी लगाएं तो किसान माफ करने वाले नहीं है। उन्होंने एक बार फिर लैपटॉप और स्मार्ट फोन को लेकर मुख्यमंत्री पर कटाक्ष किया। बोले कि युवाओं को लैपटॉप नहीं मिला, क्योंकि बाबा जी खुद लैपटॉप चलाना नहीं जानते हैं। गांव के नौजवान तक स्मार्ट फोन चलाते हैं। नौजवान बाबा मुख्यमंत्री को लैपटॉप और स्मार्ट फोन चलाना सिखा देना, उन्हें चलाना नहीं आता।
अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि सरकार बनेगी तो बेहतर गोशाला बनाएंगे, गोपालकों का सहयोग करेंगे, साथ ही सांड़ की टक्कर से मौत होने पर पांच लाख की मदद करेंगे।