पुवायां। रविवार सुबह हुई बारिश ने नगर पालिका की ओर से बेहतर सफाई व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी। कुछ देर हुई बारिश से नगर की सड़कें जलमग्न हो गई। दुकानों से लेकर घरों तक पानी भर गया। पालिका की लापरवाही की वजह से लोग काफी परेशान हुए।
नगर के मोहल्ला कसभरा निवासी सचिन गुप्ता ने बताया कि उनके घर के अंदर दो फुट तक पानी भर गया। ईओ और नगर पालिका के कर्मचारियों को कई बार फोन लगाया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। नाले और नालियों की सफाई नहीं होने की वजह से परेशानी हो रही है, लेकिन पालिका के जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। पुवायां के राजा मार्केट में डॉ. विमल के क्लीनिक में भी काफी पानी भर जाने से रोगियों और स्टाॅफ को परेशानी उठानी पड़ी। डॉ. विमल कुमार ने बताया कि वह नगर पालिका चेयरमैन से कई बार शिकायत कर चुके हें, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया।
बंडा रोड पर दुकानों में भरा पानी
पुवायां में बंडा रोड पर हाईवे बनने के समय नाला निर्माण कराया गया था, लेकिन नाले का पानी का निकास नहीं रखा गया। इस कारण हाईवे का पानी नाले में भर रहा है। इस वजह से वह ओवरफ्लो हो जाता है और गंदा पानी दुकानों में भर जाता है। रविवार को कुनाल गुप्ता की किराना दुकान में नाले से पानी भर जाने पर चीनी, दालें, चावल, आटा सहित तमाम सामान खराब होने से काफी नुकसान हो गया। दुकान से बाल्टियों में भरकर पानी का निकालना पड़ा।
-
नाले की सफाई नहीं कराई
नगर पालिका ने राजीव चौक के पास नाले की सफाई नहीं कराई है, इस कारण नाला चोक होने से मामूली बारिश में भी पानी दुकानों में भर जाता है। रविवार को भी पानी दुकानों में भरने से दुकानदारों का नुकसान हो गया। आशीष की दुकान में फ्रिज, काॅफी मशीन, इंवर्टर सहित अन्य सामान पानी भरने से खराब हो गया। कुछ दिन पूर्व बारिश में भी पानी दुकान में भरने से नुकसान हुआ था। पालिकाकर्मियों ने दुकानदारों की सुध लेने की जरूरत नहीं समझी है।
रामनगर के घरों में भरा पानी
मोहल्ला रामनगर में रविवार सुबह कुछ देर की बारिश में गलियां तालाब जैसी दिखने लगीं और कई घरों में भी गंदा पानी भर गया। लोगों ने घरों में भरे पानी को बाल्टियों से बाहर निकाला। गलियों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि शिकायत के बाद भी नगरपालिका के अधिकारी, कर्मचारी सफाई कार्य नहीं कराते हैं।
-
कई स्थानों पर सड़कें ऊंची हो गई है। ढलान के कारण पानी दुकानों और मकानों में भर जाता है। दो नए नाले बनने प्रस्तावित हैं। उनके बनने पर समस्या का समाधान हो जाएगा।
-कल्पना शर्मा, ईओ, नगर पालिका परिषद पुवायां
बारिश से दुकानों और घरों में पानी भरने की शिकायत नहीं मिली है। ईओ से बात की जाएगी। सफाई और गंदे पानी के निकास की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।
-सदानंद सरोज, एसडीएम पुवायां
पुवायां में बंडा रोड पर कुनाल गुप्ता की किराना दुकान में भरा पानी। संवाद
पुवायां में बंडा रोड पर कुनाल गुप्ता की किराना दुकान में भरा पानी। संवाद