शाहजहांपुर। सड़क न बनने और जलभराव से परेशान इंद्रानगर कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने अपने छोटे बच्चों के साथ नदी में खड़े होकर प्रदर्शन किया। वे पूरे दिन नदी में खड़े होकर अपनी मांगों को पूरा करने की मांग करते रहे, लेकिन कोई भी अधिकारी मौके पर उनकी समस्या सुनने नहीं पहुंचा।
बुधवार सुबह करीब दस बजे इंद्रानगर कॉलोनी निवासी वीरू, मंगली, रुचि, राकेश कुमार, हरेराम, प्रियंका, सुधीर समेत करीब 40-50 लोग लोधीपुल के नीचे स्थित खन्नौत नदी पर पहुंचे। सभी नदी के अंदर कमर तक पानी में घुस गए और मोहल्ले में साफ-सफाई, सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। प्रदर्शन करते-करते शाम के पांच बज गए, लेकिन कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
इसके बाद थकहार कर सभी लोग पानी से बाहर निकल आए। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि वे लोग अपनी मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को भी खन्नौत नदी में खड़े होकर प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही रोड पर जाम भी लगाएंगे। कॉलोनी वासियों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से भेजा है।
पातीराम के मकान से रामकुमार गुप्ता खाद्य भंडार तक बननी है सड़क
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से इंद्रानगर कॉलोनी में पातीराम के मकान से रामकुमार गुप्ता खाद्य भंडार तक सड़क बनाए जाने की मांग की गई है। साथ ही बिजली के खंभे लगवाने, गर्रा व खन्नौत नदी के किनारे श्मशान घाट के पास नहाने के लिए स्नान घाट बनाने की मांग भी गई है। बताया कि इस मार्ग पर एक बार निर्माण कार्य शुरू करवाया था, लेकिन खुदाई के बाद बंद करवा दिया। इससे कॉलोनीवासियों को परेशानी हो रही है।
पानी का प्रवाह तेज होने पर हो सकता था बड़ा हादसा
छोटे-छोटे बच्चों के साथ नदी में खड़े होकर लोगों ने प्रदर्शन किया था। इससे बच्चों के साथ हादसा हो सकता था क्योंकि बरसात के कारण नदी में पानी ज्यादा है। हालांकि ऐसा कुछ हुआ नहीं। कुछ लोग बच्चों को गोद में भी लिए हुए थे।