निगोही। प्रेमनगर गांव में रविवार की रात अरविंद की गर्भवती पत्नी पूनम को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर घरवालों ने पैर में चीरा लगाकर देसी इलाज कराया। इस दौरान पूनम के बेहोश होने पर घरवाले उसे देर रात सीएचसी ले गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी पर मृतका के पति अरविंद ने पुलिस को बताया कि रात में पत्नी खाना खाकर सोने के लिए कमरे में जा रही थीं। इसी दौरान अंधेरे में सांप पर पैर पड़ जाने से उसने डस लिया। पहले तो पैर में चीरा लगाकर पत्नी का गांव में देसी इलाज किया, लेकिन हालत सुधरने के बजाय पत्नी बेहोश हो गई। बाद में अस्पताल लाए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
देसी उपचार में समय नहीं गंवाएं
सीएचसी के प्रभारी डॉ.नितिन चौधरी ने बताया कि सांप के काटने के बाद महिला को सीएचसी लाने के बजाय देसी इलाज किया। यदि समय रहते महिला को ले आते तो उसे बचाया जा सकता था। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप के डसने पर देसी इलाज में वक्त गंवाने के बजाय मरीज को तत्काल सीएचसी लेकर आएं। अस्पताल में सर्पदंश के इलाज की पूरी सुविधा मौजूद है।