पुवायां। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज ने बृहस्पतिवार को पुवायां में कांग्रेस को नागनाथ और भाजपा को सांपनाथ बताते हुए कहा कि दोनों ही पार्टियों के चाल, चरित्र और चेहरा में कोई अंतर नहीं है।
जनादेश यात्रा में पुवायां आए इंद्रजीत सरोज एक मैरिज लान में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठों की पार्टी है। प्रधानमंत्री ने लोगों को 15-15 लाख रुपये का वायदा किया था, लेकिन जनता को पांच किलो गेहूं, चावल दे रहे हैं। केंद्र सरकार ने चुनाव से पहले दो करोड़ लोगों को नौकरी देने बात कही थी, लेकिन नौकरी तो दूर रेलवे, एलआईसी, एयर इंडिया सहित तमाम सरकारी संपत्तियों को बेचा जा रहा है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि भाजपा ने पिछड़ों के आरक्षण का हमेशा विरोध किया। अब चनाव के समय पिछड़े याद आ रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष कह चुके हैं कि सपा की सरकार बनने पर प्रदेश में जातीय जनगणना कराई जाएगी और जिसकी जितनी भागीदारी होगी, उसकी हिस्सेदारी भी उतनी ही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि सपा में तमाम लोग टिकट के दावेदार है। पार्टी गैर राजनीतिक संगठन से सर्वे करा रही है, जिताऊ प्रत्याशियों को ही टिकट दिया जाएगा।
इससे पूर्व जिलाध्यक्ष तनवीर खां, उपेंद्र पाल, अवधेश वर्मा, राजेश यादव, अर्चना वर्मा, गोपाल अग्निहोत्री, सुधीर त्रिवेदी, शारदा राज, दिनेश कुमार, अजीत गुप्ता सराफ, सुबोध कनौजिया, ब्रह्मानंद मिश्रा आदि ने राष्ट्रीय महासचिव का स्वागत किया। संचालन जगजीत सिंह टांडे ने किया।