फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुफ्त बिजली गारंटी कार्ड देकर लोगों को रिझा रही आम आदमी पार्टी

विज्ञापन
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह । संवाद - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जनपद में आम आदमी पार्टी (आप) ने भी मैदान में उतर चुकी है। जिले की दो विधानसभा सीटों के प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं और चार अन्य सीटों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के नामों की अधिकृत घोषणा चालू माह के अंत तक होने की उम्मीद है। चुनाव जीतने के लिए दिल्ली मॉडल की तर्ज पर यूपी में भी 300 यूनिट मुफ्त बिजली और किसानों के बकाया बिल माफ करने वाले गारंटी कार्ड बना कर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की टोलियां लोगों को रिझा रही हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार युवाओं का चुनावी समर्थन हासिल करने के लिए रोजगार गारंटी कार्ड जारी करने का अभियान भी जल्द शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन

जिले में आम आदमी पार्टी गत कई वर्ष से सक्रिय है, लेकिन पार्टी खेमे में सियासी जमीन मजबूत करने की शुरुआत गत वर्ष 16 दिसंबर को हुई, जब यहां आए राज्यसभा सदस्य एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संजय सिंह ने बहादुरगंज के एक मैरिज लॉन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में तमाम वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रदेश की सभी सीटों पर अन्य दलों से गठबंधन किए बगैर चुनाव लड़ने का शंखनाद किया था। इसी के साथ उन्होंने जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को जनता से जुड़ाव बढ़ाने के लिए सूबे में सरकार बनने पर दिल्ली मॉडल लागू करने का प्रचार करने और जिले की सभी छह सीटों के पार्टी प्रत्याशी तय करने के निर्देश दिए।
आप के पदाधिकारियों ने इन सभी दिशा निर्देशों पर अमल शुरू कर दिया है। आम सहमति से शहर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी जिलाध्यक्ष राजीव यादव और ददरौल विधानसभा क्षेत्र से पूर्व महानगर अध्यक्ष राजीव सिंह प्रत्याशी बनाए गए हैं। इन दोनों नामों को प्रदेश कार्यसमिति ने भी स्वीकृति दे दी है। इसी तरह तिलहर विधानसभा क्षेत्र से ललित अवस्थी, कटरा से अविजय सिंह और जलालाबाद से संतराम सिंह चौहान को प्रत्याशी बनाने की संस्तुति प्रदेश कार्यालय भेजी गई है। जिला महासचिव कीर्तिमान प्रकाश च्यवन के अनुसार पुवायां विधानसभा क्षेत्र से पार्टी टिकट के कई दावेदार हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर उनमें से किसी की संस्तुति नहीं की गई और वहां प्रत्याशी चयन का निर्णय प्रदेश चुनाव समिति पर छोड़ दिया गया है।
विज्ञापन

आम आदमी को इस तरह जोड़ रही आप
जन सामान्य को आम आदमी पार्टी से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे मुफ्त बिजली गारंटी कार्ड वितरण अभियान को डिजिटल स्वरूप प्रदान किया है। इस कैंपेन के लिए ब्लॉक स्तर पर तीन-तीन पदाधिकारियों की कुल 15 टीमें बनाई गई हैं। यह टीमें लोगों से संपर्क कर उन्हें पार्टी की ओर से चार सूत्री गारंटी कार्ड देती हैं। गारंटी कार्ड में आप की सरकार बनने पर 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने, 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने, पुराने घरेलू बिजली बिल माफ करने और किसानों को मुफ्त बिजली देने का वायदा किया है। कार्डधारकों से आप कार्यकर्ता पार्टी स्तर से जारी मोबाइल नंबर 9899600600 पर मिस कॉल कराते हैं। मिस कॉल करने वाले को जवाब में जो ओटीपी मिल रहा है, उसे गारंटी कार्ड समेत कार्यकर्ता अपने रिकार्ड में भी दर्ज कर रहे हैं।
दिल्ली सरकार ने लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करके उनका दिल जीता है। जनता की नब्ज थामना सिर्फ आम आदमी पार्टी जानती है। इसीलिए मुफ्त बिजली देने की बात अब केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, देश के अन्य कई राज्यों में भी होने लगी है। जिले में अभी तक मुफ्त बिजली गारंटी कार्ड योजना के तहत करीब 20 हजार लोगों से संपर्क किया जा चुका है और 60 हजार लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य है। बहुत जल्द रोजगार गारंटी कार्ड भी जारी किए जाएंगे, जिसे तहत 40 वर्ष आयु तक के पढ़े-लिखे बेरोजगारों को चार हजार रुपये मासिक आर्थिक सहायता देने का संकल्प किया गया है। दिल्ली मॉडल की तर्ज पर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होना तय है और जनता को यही सब चाहिए।
विज्ञापन

-राजीव कुमार यादव, जिलाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें