शाहजहांपुर के गांव श्यामपट्टी में बुधवार सुबह अवैध शराब पकड़े जाने के दौरान एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। महिला और उसके परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने दबिश के दौरान शराब और लहन को गिरा दिया। इससे आग भड़की और महिला झुलस गई। महिला ने पुलिसकर्मियों पर रुपये मांगने का आरोप भी लगाया है। महिला का बंडा सीएचसी पर इलाज चल रहा है।
गांव श्यामपट्टी निवासी स्व. रामभरोसे की पत्नी रामवती ने बताया कि उनका पुत्र रामखेलावन शराब का आदी है। रामखेलावन को कम दिखाई देता है। गरीबी के कारण रामखेलावन के लिए शराब उसकी पत्नी कुसुमा घर पर ही बना देती है। बुधवार सुबह कुसुमा घर में चूल्हे पर शराब बना रही थी।
इस दौरान बिना वर्दी के बंडा थाने के तीन सिपाही उनके घर की दीवार फांदकर घुस आए और बहू को पकड़कर गिरा दिया। एक सिपाही ने शराब और लहन में जोर से ठोकर मारी। गरम लहन, शराब उनकी बहू कुसुमा के ऊपर भी जा गिरी। शराब गिरने से चूल्हे की आग भी भड़क उठी और कुसुमा को चपेट में ले लिया। इसके बाद पुलिसकर्मी धमकी देते हुए चले गए। उन लोगों ने आग बुझाकर कुसुमा को बंडा सीएचसी में भर्ती कराया। जानकारी पाकर पहुंचे बंडा के थाना प्रभारी ने कई घंटे तक उनकी बहू को किसी से मिलने नहीं दिया और लगातार धमकाते रहे। रामवती ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
महिला शराब बनाने के दौरान जली है। पुलिस पर आरोप निराधार हैं। महिला आरोप लगा रही है तो जांच कराई जाएगी। जांच के बाद कार्रवाई होगी।- बीएस वीरकुमार, सीओ पुवायां