बंडा में फल के ठेले पर बिना नेम प्लेट के हो रही बिक्री। संवाद
शाहजहांपुर। सोमवार से शुरू हो रहे सावन माह में कांवड़ यात्राएं सकुशल संपन्न कराने और कांवड़ियों को खान-पान में अशुद्धता से बचाने के लिए जिले की पुलिस रविवार को दिन भर कांवड़ यात्रा वाले मार्गों पर भ्रमण कर होटलों, ढाबों और जलपान गृहोें के निरीक्षण में जुटी रही। इस दौरान कांवड़ यात्रा के निर्धारित रूट पर मीट विक्रेताओं को नोटिस देकर यात्राएं निकलने के दौरान अपनी दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए।
अल्हागंज में रविवार सुबह पुलिस ने हुल्लापुर चौराहे से लेकर जलालाबाद की ओर नगर की सीमा तक कांवड़ यात्रा मार्ग पर कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए दुकानों और ढाबों का निरीक्षण किया। साथ ही मीट की दुकानों को नोटिस भी दिए।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि रामगंगा पुल के पार डबरी मोड़ पर और हुल्लापुर चौराहे पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे ताकि आए दिन पुल पर लगने वाले जाम में कोई कांवड़ यात्री न फंसे। मीट विक्रेताओं को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई कि यात्रा के दौरान कोई दुकान खुली पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि यहां से निकलने वाले कांवड़ यात्री हरदोई जिले के बिबियापुर महादेव मंदिर अथवा गोला गोकर्णनाथ धाम जाते हैं। हुल्लापुर से यह दो रास्तों से होते हुए अल्हागंज आते हैं। दोनों रास्तों पर यात्रा की कड़ी सुरक्षा की तैयारी की गई है।
बंडा। मुख्यमंत्री ने निर्देश के बाद भी स्थानीय दुकानों पर न तो विक्रेताओं ने अपने नाम लिखे हैं और न ही शराब-मीट परोसने वाले होटलों पर कोई प्रतिबंध लागू हुआ। थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को पीलीभीत-शाहजहांपुर बॉर्डर पर पुलिस तैनात रहेगी। कांवड़ियों के ठहराव को बिलसंडा मार्ग पर शिव मंदिर के सामने टेंट लगाया जाएगा। संवाद