शाहजहांपुर। जलालनगर क्षेत्र में दो दिन से करीब 100 घरों में पानी का संकट गहराया हुआ है। पाइप लाइन की टेस्टिंग के कारण जलापूर्ति बंद है। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को भी जलापूर्ति बाधित रहेगी।
जल निगम की ओर से जलालनगर में घरों तक जलापूर्ति के लिए नई पाइप लाइन डाली गई है। इसकी टेस्टिंग का कार्य पिछले दो दिनों से चल रहा है। इस दौरान कई जगह लीकेज मिलने पर जलापूर्ति बंद कर दी जाती है। घरों तक पानी ही नहीं पहुंचता। इसके साथ ही पुराने ओवरहेड टैंक से होने वाली जलापूर्ति हो रही है, लेकिन उसमें पानी पीने के लायक नहीं है। ऐसे में उन लोगों को भी कोई फायदा नहीं मिल रहा है, जिनके यहां दोनों कनेक्शन हैं। कुछ लोगों को नए ओवरहेड टैंक से पानी की आपूर्ति के लिए कनेक्शन नहीं दिया गया है।
मोहल्ले में रहने वाले रिजवान ने बताया कि उनके यहां पुरानी पाइप लाइन से पानी आ रहा है, जोकि पीने लायक नहीं है। नगर निगम के महाप्रबंधक जल सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि जल निगम द्वारा टेस्टिंग का कार्य मंगलवार को भी किया जाएगा। बुधवार से जलापूर्ति सुचारु होने की उम्मीद है।