तिलहर में हुए हादसे में क्षतिग्रस्त। संवाद
तिलहर (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर पूर्वी भक्सी तिराहा के पास सोमवार तड़के बजरी से भरे ओवरलोड ट्रक में पीछे से पिकअप घुस गई। हादसे में लखनऊ के कपड़ा व्यापारी 36 वर्षीय मोहम्मद हलीम की मौत हो गई। जबकि मृतक के भाई समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद करीब आधा घंटा यातायात प्रभावित रहा।
लखनऊ जिले के थाना वजीरगंज क्षेत्र के जगत नारायन रोड स्थित मोहल्ला जनता नगरी निवासी जाकिर ने बताया कि वह अपने भाई मोहम्मद हलीम के साथ पंजाब से कपड़ों की गठरी लेकर पिकअप वाहन से घर लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब तीन बजे पूर्वी भक्शी तिराहे के पास आगे चल रहे बजरी से भरे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए।
इससे पीछे चल रही पिकअप ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप चालक सलीम, मोहम्मद हलीम और जाकिर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां डाॅक्टर ने मोहम्मद हलीम को मृत घोषित कर दिया। घायल चालक सलीम को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उन्हें मामूली चोट आई हैं।
परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी हिना को तुरंत मौत की जानकारी नहीं दी गई, लेकिन दोपहर होने तक उन्हें पता चल गया। मोहम्मद हलीम की मौत से उनकी पत्नी हिना, बेटा और बेटी गुमसुम हो गए हैं।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर मोहम्मद हलीम के शव को देख उनके भाई बिलख पड़े। सीओ इशिका सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तिलहर में हुए हादसे में क्षतिग्रस्त। संवाद