शाहजहांपुर। बीएलओ के फॉर्म देने के बाद मतदाता भरकर वापस करने में रुचि नहीं ले रहे हैं। सहालग के कारण कई परिवार रिश्तेदारियों में गए हैं तो कई फॉर्म ही नहीं भर पा रहे हैं। कई बीएलओ ने बताया कि मतदाताओं से संपर्क किया जा रहा है लेकिन वे फॉर्म भरकर जमा नहीं कर रहे हैं। अधिकतर मतदाता बीएलओ से ही फॉर्म भरवा रहे हैं। इस वजह से मतदाताओं की सहायता के लिए प्रत्येक वार्ड में बीएलओ के साथ अन्य कर्मचारी फॉर्म भरवाने में मदद कर रहे हैं।
जिले में करीब 23 लाख मतदाता हैं। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत मतदाताओं को फॉर्म बांटने का काम पूरा हो चुका है। बूथ लेवल अधिकारी मतदाताओं से फॉर्म वापस करने का अनुरोध कर रहे हैं। अधिकतर जागरूक मतदाताओं ने समय से फॉर्म जमा कर दिए हैं। वहीं, कई लोग सहालग के कारण नाते-रिश्तेदारी में कार्यक्रमों में शामिल होने गए हैं। इस वजह से उनके फॉर्म नहीं जमा हो पा रहे।
दूसरी समस्या यह है कि जिन महिलाओं के नाम वर्ष 2003 की सूची में नहीं है, वे अपने मायके से विवरण नहीं मंगवा पा रहीं हैं। इसकी वजह से उनके फॉर्म अटके हुए है। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए वेबसाइट के माध्यम से मतदाता सूची डाउनलोड कराने की विधि भी बताई जा रही है। इसके बाद भी फॉर्म जमा होने में देरी हो रही है। बीएलओ फॉर्म जमा कराने के बाद डिजिटाइजेशन के लिए परेशान हो रहे हैं।
डीएम ने की फॉर्म जल्द जमा करने की अपील
विधानसभा क्षेत्र में शिविर लगवाकर मतदाताओं के गणना प्रपत्रों को भरवाने में सहायता के साथ उनके एप पर डिजिटाइजेशन की कार्रवाई की जा रही है। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने गणना प्रपत्र के वितरण, कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीएलओ प्रतिदिन वितरण किए गए गणना प्रपत्रों को प्राप्त कर कम से कम 10 प्रतिशत का डिजिटाइजेशन करें। 30 नवंबर तक सभी फॉर्मों को प्राप्त कर उनका डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया जाए। डीएम ने लोगों से अपील की है कि वे फॉर्म को भरकर जमा करें। इससे उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके। अच्छा कार्य करने वाले बीएलओ को 26 नवंबर को लॉटरी के माध्यम से सम्मानित भी किया जाएगा।
एसआईआर के तहत मतदाताओं के बनाए वोट
निर्वाचक नामावली का डाटाबेस अपडेट करने के लिए नगर विधानसभा के बूथ संख्या 68 से 75 तक अवकाश के दिन भी बीएलओ व अध्यापकों ने मतदाता गणना प्रपत्रों का कार्य किया।
मतदाता सूची को शुद्ध व फॉर्म बनाने के उद्देश्य से बीएलओ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं के विवरण का मिलान कर रहे हैं ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम सूची से नहीं छूटे। त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का समय से संशोधन किया जा सके। इस मौके पर कल्पित बाथम, कंचन, सुधा, सरोज, लक्ष्मी, रीता, क्षमावती आदि मौजूद रहे।