जलालाबाद में दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ करते विधायक हरिप्रकाश वर्मा व सीडीओ। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जलालाबाद। बीआरसी परिसर में मंगलवार को स्कूल चलो अभियान का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने कहा कि क्षेत्र को प्रेरक ब्लॉक बनाने के लिए वह हर तरह का सहयोग करने को तैयार हैं। वह ग्राम प्रधान, बीडीसी व जिपं सदस्यों से अपील करते है कि वे लोग भी इस मुहिम में शामिल होकर बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में सहयोग करें।
विशिष्ट अतिथि सीडीओ श्याम बहादुर सिंह ने कहा कि कायाकल्प योजना सहित कई प्रयासों से प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में अहम सुधार किए हैं। अब हम सभी का दायित्व है कि शत प्रतिशत बच्चों का स्कूल में नामांकन हो। उन्होंने एसडीएम बरखा सिंह से पांच स्कूल गोद लेने की अपील भी की। अभियान में सहयोग देने वाले कई ग्राम प्रधान व शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसडीएम बरखा सिंह, बीईओ सुनील कुमार सिंह, परियोजना निदेशक अवधेश कुमार, शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार सिंह, प्रमोद चौहान, बिपिन अग्निहोत्री, विश्वनाथ प्रताप सिंह, अंकुर त्रिपाठी, रामप्रताप सिंह, मनोज कटियार, रेनू पाठक समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, ग्राम प्रधान व बीडीसी मौजूद रहे। उच्च प्राथमिक स्कूल जलालाबाद के बच्चों ने सरस्वती वंदना व प्राथमिक स्कूल बहादुरपुर के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संचालन अरुण अग्निहोत्री ने किया।
बच्चों को साइकिल देने की घोषणा
विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने कोरोना काल के बावजूद विद्यालय में शत प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले बच्चों मालती व अनुज कुमार को विधायक निधि से एक-एक साइकिल देने की घोषणा की। ये दोनों बच्चे कटका बहादुरपुर विद्यालय स्थित कक्षा छह के छात्र हैं। विधायक ने उन बच्चों को नि:शुल्क बस की सुविधा मुहैया कराने की घोषणा की जो राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 24 अप्रैल को शाहजहांपुर स्थित जीजीआईसी में होगी।