शाहजहांपुर। ओसीएफ में लगाई गई प्रदर्शनी में कर चोरी करने का मामला सामने आया है। बरेली की जीएसटी टीम ने प्रदर्शनी में पहुंचकर जांच की। कर चोरी पाए जाने पर 11 लाख रुपये मौके पर जमा कराए गए। बाकी कर जमा करने के लिए नोटिस दिया है। कर समय से जमा नहीं करने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ओसीएफ रामलीला मैदान में जेके इंटरटेनमेंट नाम की कंपनी के संचालक इमरान खान ने ओसीएफ से 40 लाख रुपये में 250 स्क्वायर वर्ग मीटर जगह किराये पर ली थी। प्रदर्शनी में झूले, दुकानें, बिजली, टेंट और अन्य महंगे आइटम लगाए गए थे।
कंपनी ने जीएसटी भरने में इनका कोई जिक्र नहीं किया। इसमें कंपनी से 50 से 60 हजार रुपये की सेल दिखाकर तीन लाख रुपये जीएसटी का बिल भर दिया। जबकि पिछली बार लगी नुमाइश का जीएसटी का भुगतान 33 लाख 77 हजार रुपये हुआ था।
इस मामले की शिकायत मिलने पर बरेली के जीएसटी उपायुक्त अनिरुद्ध सिंह जांच के लिए टीम के साथ प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचे। उपायुक्त अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि जीएसटी चोरी की शिकायत मिलने पर टीम के साथ जांच की गई। इसमें करीब 25 लाख रुपये की कर चोरी होने की बात सामने आई।
प्रदर्शनी संचालक ने 11 लाख रुपये जमा करा दिए हैं। अन्य जीएसटी के भुगतान के लिए नोटिस दिया गया है।