ओसीएफ क्लब में श्रीरामलीला मेला एवं प्रदर्शनी के आयोजन की जानकारी देते समिति के पदाधिकारी। संव
शाहजहांपुर। ओसीएफ इस्टेट में 57वीं श्री रामलीला एवं प्रदर्शनी का आयोजन एक से 16 अक्तूबर तक किया जाएगा। इसका शुभारंभ गणेश पूजन के साथ एक अक्तूबर को होगा।
श्री रामलीला का मंचन दो से 14 अक्तूबर तक रोजाना शाम सात से दस बजे के बीच मंचन समिति से जुड़े कलाकार करेंगे। रावण का पुतला दहन 13 अक्तूबर को होगा। अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन इस बार 26 अक्तूबर को किया जाएगा। बृहस्पतिवार को श्री रामलीला एवं प्रदर्शनी समिति के पदाधिकारियों ने ओसीएफ क्लब में आयोजन के संबंध में जानकारी दी। समिति के सचिव व निर्माणी के उप महाप्रबंधक ऋषि बाबू ने बताया कि श्री रामलीला एवं प्रदर्शनी को भव्य और दिव्य रूप में आयोजित करने की तैयारियां की गई है। रामलीला मंचन व प्रदर्शनी में नयापन देखने को मिलेगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधीक्षक ने पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया है।
मुख्य संरक्षक व निर्माणी के महाप्रबंधक राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि रामलीला मैदान पर लगने वाली प्रदर्शनी में जो झूले लगेंगे, उनके सामने बोर्ड लगाकर शुल्क दर्शाए जाएंगे। बड़े झूले की दर 50 रुपये रहेगी। पार्किंग पर्ची पर शुल्क लिखा जाएगा। कोई शिकायत व जानकारी के लिए मैदान पर बने रामलीला कार्यालय से संपर्क किया जा सकेगा।
इमली रोड से ओसीएफ मैदान तक लाइटिंग रहेगी। इस मौके पर अपर महाप्रबंधक अरुण कुमार वर्मा, उप महाप्रबंधक अनु सक्सेना, अमन कुमार, विनीत कुमार श्रीवास्तव, राजकमल शर्मा, गोविंद कृष्ण वाजपेयी, देवेंद्र कुमार सक्सेना, राजेश कंचन मौजूद रहे।