तिलहर। घर जाने के लिए छुट्टी लेकर बृहस्पतिवार शाम बाइक से शाहजहांपुर जा रहे कटरा के विधायक वीर विक्रम सिंह के गनर हर्षल राना लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर कपसेड़ा गांव के पास बाइक फिसलने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका एक पैर टूट गया है और सिर में गहरी चोट आई। उन्हें सीएचसी पर प्राथमिक उपचार देने के बाद मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया।
बिजनौर के थाना मंडोली अंतर्गत मिर्जापुर निवासी हर्षल राना इन दिनों विधायक वीर विक्रम सिंह की सुरक्षा ड्यूटी पर थे। वह घर जाने को पांच दिन की छुट्टी लेकर यहां से शाम लगभग सात बजे बाइक से शाहजहांपुर जा रहे थे। बाइक फिसलकर अनियंत्रित होने से गिरी तो हर्षल गंभीर घायल हो गए। उनकी सरकारी मैगजीन भी सड़क पर गिर गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी लाई। थाना प्रभारी विशाल प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे। उन्होंने गनर की मैगजीन अपने कब्जे में ले ली। संवाद