खुटार। नगर से सटे हिमंचलपुर में सोमवार सुबह सरकारी नलकूप के पास बाघ को देखकर किसानों में भगदड़ मच गई। जानकारी वनकर्मियों को दी गई। उन्होंने बाघ के पैरों के निशान तलाश किए हैं। लगातार बाघ की चलहकदमी से किसानों में दहशत है।
मोहल्ला देवस्थान निवासी रामाधार तिवारी, रामचंद्र आदि का गांव हिमंचलपुर में स्थित सरकारी नलकूप संख्या 17 के पास खेत है। उनके खेत में गन्ने और गेहूं की फसल खड़ी है। सोमवार सुबह आठ बजे रामाधार तिवारी कुछ लोगों के साथ खेत में खड़ी गेहूं की फसल देखने के लिए जा रहे थे।
उन्होंने नलकूप के पास रामचंद्र के खेत में बाघ को देखा। इससे बाद सभी लोग भागकर चले आए और सूचना वनकर्मियों को दी। इसके बाद वन रक्षक संतोष गौड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से जानकारी लेकर खेतों में बने बाघ के पैरों के निशानों को तलाश किया। वनकर्मियों ने किसानों से अकेले खेतों की ओर नहीं जाने की अपील भी की।
नलकूप के पास बाघ देखे जाने से किसान भयभीत हैं और उन्होंने खेतों पर जाना बंद कर दिया है। वनरक्षक संतोष कुमार के अनुसार, पैरों के चिह्न देखकर तेंदुआ होने का आभास हो रहा है। किसानों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
फोटो- 17 में है।
खेत में खड़े हुए वनकर्मी तो किसानों ने की गन्ने की छिलाई
खुटार। तेंदुए की दहशत के बीच गांव बरगदिया में वनकर्मियों की टीम असलाह और डंडे लेकर खेत में खड़ी हुई तो किसानों ने गन्ने की छिलाई की। शाम को वनकर्मियों की टीम के वापस जाने के बाद से किसानों ने खेतों की ओर जाना फिर बंद कर दिया।
गांव बरगदिया निवासी सुरेंद्र के खेत में रविवार को श्रमिक गन्ने की छिलाई कर रहे थे। इस दौरान गन्ने के अंदर से तेंदुआ निकल आया। इसके बाद श्रमिकों ने भागकर जान बचाई थी। वन क्षेत्राधिकारी मनोज श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे थे और सुरक्षा के कारण गन्ना छिलाई का काम रुकवा दिया था। उन्होंने तेंदुए की लोकेशल ट्रेस करने के लिए वनकर्मियों की टीम लगाई थी। सोमवार को वन दरोगा रोहित पांडे, वन रक्षक आशीष शुक्ला, वनकर्मी अधीर शर्मा, रमेश आदि मौके पर पहुंचे और असलाह और डंडे लेकर खेत में खड़े रहे। इसके बाद श्रमिकों ने दिन भर गन्ने की छिलाई की। संवाद
किसानों की सूचना पर हिमंचलपुर में वन कर्मियों को मौके पर भेजा गया था, पैरों के निशान ट्रेस किए गए हैं। वनकर्मियों की टीम लगाई गई है। बरगदिया में भी टीमें लगाई गई हैं। काम्बिंग कर बाघ और तेंदुए को जंगल की ओर भेजा जाएगा।
- मनोज श्रीवास्तव रेंजर, खुटार
खुटार के हिमंचलपुर में बाघ दिखने के बाद मौके पर मौजूद किसान और वनकर्मी। स्रोत : वन विभाग