शाहजहांपुर। जिले के नोडल अधिकारी व प्रमुख सचिव जितेंद्र कुमार ने बुधवार को विकास भवन सभागार में जिले के अधिकारियों साथ बैठक की और विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए, जिससे अपराधों पर रोक लगाई जा सके। समीक्षा के दौरान पेय जल योजना के कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और जनपद के समस्त निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण कर जनता को समर्पित करने के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव जितेंद्र ने कहा कि जितना अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा, उतना अपराधों पर प्रतिबंध लगेगा। कानून व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जाए, ताकि अपराधियों के हौसले बुलंद न होने पाए। उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण वितरण की प्रगति संतोषजनक मिलने पर अधिकारियों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के स्ट्रीट वेंडर्स लाभार्थियों की गाड़ी पर लाइसेंस एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का स्टीकर लगाए जाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि स्ट्रीट वेंडर्स के लाभार्थियों पर और अधिक कार्य करने की आवश्यकता है, ताकि वह आत्मनिर्भर बन सकें। प्रमुख सचिव ने श्रम योगी मान धन स्कीम को स्वनिधि स्कीम के लाभार्थियों को जोड़ने के निर्देश दिए। मुख्य मंत्री सामूहिक विवाह योजना के लाभार्थियों के लिए पैसा जारी कर दिया गया है।
नोडल अधिकारी ने कहा कि कायाकल्प के तहत पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र सार्वजनिक शौचालय निर्माण आदि कार्यों में गति लाई जाए। लाभार्थियों का शीघ्र गोल्डन कार्ड जारी करें। परिवार नियोजन एवं बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा टीकाकरण के कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम इंद्र विक्रम सिंह, एसपी एस आनंद, सीडीओ प्रेरणा शर्मा, एडीएम एफआर गिरिजेश कुमार, एडीएम प्रशासन राम सेवक द्विवेदी आदि मौजूद रहे।