शाहजहांपुर। सिंधौली क्षेत्र के चककन्हऊ गांव निवासी 38 वर्षीय शिवकुमार उर्फ लल्ला की मौत हार्ट अटैक से हुई थी। उसके शरीर पर कोई चोट नहीं मिली है। पुलिस सुरक्षा में शिवकुमार के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
रविवार सुबह फर्रुखाबाद के कायमगंज थाना क्षेत्र में शिवकुमार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। दोपहर को परिजनों ने मारपीट में मौत का आरोप लगाते हुए पोस्टमॉर्टम हाउस पर हंगामा किया था। सोमवार की सुबह पुलिस सुरक्षा में शिवकुमार के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
27 मई को दर्ज कराई रिपोर्ट शिवकुमार ने बताया था कि गांव के बलविंदर सिंह, कृपाल सिंह व सतनाम सिंह दबंग लोग हैं। वे लोग गांव की ग्राम समाज की लगभग तीन बीघा जमीन पर नींव भरवा रहे थे। ग्रामीणों के विरोध पर बलविंदर अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर धमकी देने लगा। विरोध करने पर बलविंदर उनसे नाराज हो गया।
जब 27 मई की शाम सात बजे वह अपने खेत पर तो तीनों ने उन्हें घेरकर मारपीट की। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया। इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह ने बताया कि युवक के शव का पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया था। युवक की मौत हार्ट अटैक से होने की पुष्टि हुई है। कोई चोट नहीं पाई गई है। आगे की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की जाएगी। उन्होंने बताया कि सूचना पर उसी दिन पुलिस टीम मौके पर गई थी। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी की बात सामने आई थी।