शाहजहांपुर। नेशनल हाईवे पर चौक कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बंद पड़े टोल टैक्स के पास मृत मिले बिहार के मजदूर की कोरोना वायरस रिपोर्ट निगेटिव आई है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेफड़ों में इंफेक्शन के चलते मौत होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल प्रशासन मृतक मजदूर का शव और उसके क्वारंटीन किए गए छह साथियों को घर भिजवाए जाने की तैयारी कर रहा है। इधर, रिपोर्ट निगेटिव आने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
प्रांत बिहार के खगरिया जिले के गांव खैरटाह निवासी 32 वर्षीय धर्मवीर कुमार दिल्ली की पंजाबी कॉलोनी में ठेकेदार के अधीन दिहाड़ी मजदूरी करता था। वह 28 अप्रैल को अपने साथी सुरेंद्र, रंजीत, करन, सुशील, महेश वर्मा, छोटू शर्मा के साथ साइकिल से ही घर जाने के लिए निकला था। शुक्रवार रात किसी वक्त सभी मजदूर यहां पहुंचे। सभी एक साथ बंद पड़े टोल टैक्स में सो गए। सुबह धर्मवीर मृत मिला तो साथियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया था। उसके अन्य साथियों को स्क्रीनिंग के बाद 14 दिनों के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज के वार्ड में क्वारंटीन कर दिया गया था।
सीएमओ डॉ. राजीव गुप्ता ने बताया कि शनिवार को मजदूर धर्मवीर की रिपोर्ट नेगेटिव आ गई है। उसका पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट के मुताबिक फेफड़ों में इंफेक्शन के चलते धर्मवीर की मौत हुई है। एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने बताया कि मजदूर और उसके छह अन्य साथियों को उनके घर भिजवाए जाने की तैयारी की जा रही है।