सेहरामऊ दक्षिणी। हरदोई रोड पर थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में कैंटर पलटने से तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की दबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
शनिवार दिन के तीन बजे शाहजहांपुर की ओर से आ रहा कैंटर एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में सेहरामऊ तिराहे के पास फल के ठेले पर पलट गया। यहां खरीदारी कर रहीं 45 वर्षीय राजेश्वरी पत्नी रामचंद्र निवासी मियांपुर गोटिया थाना सेहरामऊ दक्षिणी, उनकी बेटी 25 वर्षीय सुलोचना, 30 वर्षीय राकेश निवासी कस्बा व थाना सेहरामऊ दक्षिणी घायल हो गए। जबकि 40 वर्षीय राजेंद्र निवासी कस्बा व थाना सेहरामऊ दक्षिणी की दबकर मौके पर मौत हो गई। कैंटर पलटने से हड़कंप मच गया। देखते देखते वहां भीड़ एकत्रित हो गई। रोड के दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर थानाध्यक्ष नीरज सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए। उन्होंने क्रेन के जरिये कैंटर को बीच सड़क से हटाकर रोड के किनारे रखवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो गया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सड़क हादसे में किशोर की मौत
शाहजहांपुर। परौर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडरिया निवासी बबलू (15) पुत्र विद्याराम का शुक्रवार शाम हजरतपुर के गिउटिया मोड़ के पास किसी वाहन से एक्सीडेंट हो गया। घायलावस्था में उसे बदायूं के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शनिवार को उसका शव घर पहुंचा तो चीख पुकार मच गई।