शाहजहांपुर में बुधवार को मुस्लिम धर्मगुरुओं की अगुवाई में तमाम लोग टाउनहॉल स्थित मस्जिद के बाहर एकत्र हुए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने यति नरसिंहानंद को जेल भेजने की मांग की।
डासना मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद के विवादित बयान को लेकर विरोध थम नहीं रहा। शाहजहांपुर में बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मुस्लिम धर्मगुरुओं की अगुवाई में तमाम लोग टाउनहॉल स्थित मस्जिद के बाहर एकत्र हुए और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान यति नरसिंहानंद को जेल भेजे जाने की मांग की गई।
विज्ञापन
बुधवार सुबह करीब 9:00 बजे टाउनहॉल स्थित मस्जिद में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्रित हुए। शहर इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने मस्जिद में तकरीर की। लोगों की भीड़ को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। करीब 11:00 बजे ईदगाह कमेटी के पदाधिकारी और शहर इमाम ने मस्जिद के गेट पर ही नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया।
यति नरसिंहानंद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जोरदार नारेबाजी कर अपने गुस्से का इजहार किया। सुरक्षा की दृष्टि से एसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सिटी सौम्या पांडेय आदि मौजूद रहीं।