शाहजहांपुर के गांव मिश्रीपुर में मुर्गीदाना कारोबारी के घर डकैती डालने वाले बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। बदमाशों के चेहरे दिखाई न देने से उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
शाहजहांपुर के रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर में मुर्गीदाना कारोबारी लईक अहमद के घर 10 लाख की डकैती के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें चार बदमाश नजर आ रहे हैं लेकिन उनके चेहरे स्पष्ट नहीं है। इससे पुलिस के सामने उलझन बढ़ गई है।
विज्ञापन
19 जुलाई की रात बंद पड़े नौशाद के मकान के जरिये लईक अहमद की छत से बदमाश घर में घुस आए थे। पांच बदमाशों ने परिवार को एक कमरे में लाने के बाद चाबी मांगी थी। इन्कार करने पर सात साल के बेटे सलमान की कनपटी पर तमंचा रखकर जान से मारने की धमकी दी थी। घबराए दंपती ने चाबी दे दी थी।
बदमाश नकदी जेवर समेत करीब दस लाख का माल ले गए थे। एसपी ने सीओ सिटी सौम्या पांडेय के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन कर खुलासे के निर्देश दिए। पीड़ित लईक के घर में सीसीटीवी कैमरे नहीं मिले हैं। हालांकि, कुछ दूरी पर स्थित उनके भाई के मकान में कैमरा लगा है।
घटनास्थल के आसपास दो स्थानों पर फुटेज को तलाश किया है। इसमें चार युवक जाते नजर आ रहे हैं। पुलिस को अनुमान है कि स्थानीय युवकों ने वारदात को अंजाम दिया है। फुटेज में बदमाशों के चेहरे स्पष्ट नहीं नजर आ रहे हैं। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।