शाहजहांपुर। साइबर ठगी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुगर फैक्टरी के कर्मचारी पंकज कुमार राठौर के मोबाइल को हैक कर लाखों रुपये की ठगी कर ली गई।
थाना सदर बाजार के मोहल्ला बाडूजई द्वितीय निवासी पंकज कुमार राठौर ने एपीके फाइल के माध्यम से की गई सात लाख 43 हजार 509 रुपये की ऑनलाइन ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह डीएससीएल शुगर फैक्टरी, अजबापुर, हरदोई में काम करते हैं। 12 जनवरी को मोबाइल पर एम-परिवहन एप का एपीके लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद सिम कार्ड का नेटवर्क चला गया।
24 घंटे नेटवर्क आने का इंतजार किया। इसके बाद उसी नंबर पर नया सिम कार्ड निकलवाया, लेकिन सिम चालू नहीं हुआ। 15 जनवरी को सिम कंपनी के ऑफिस में शिकायत की। पता चला कि 12 से 15 जनवरी के बीच सिम कार्ड कहीं और एक्टिव रहा। एकाउंट से सारी धनराशि शून्य हो गई। उनके खाते से दो लाख 26 हजार 339 रुपये व पत्नी बबिता राठौर के खाते से पांच लाख, 17 हजार 170 रुपये की ठगी की गई। साइबर थाना प्रभारी सर्वेश शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद