शाहजहांपुर के कलक्ट्रेट परिसर में अमर शहीदों के स्मृति स्तंभ का अनावरण करते राजस्व परिषद के अध्?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। उप्र राजस्व परिषद के अध्यक्ष मुकुल सिंघल जनपद के एक दिवसीय दौरे पर मंगलवार शाम यहां पहुंचे। उन्होंने कलक्ट्रेट में राजस्व अभिलेखागार समेत कई कार्यालयों का निरीक्षण किया और जनपद के अमर शहीदों व स्वाधीनता सेनानियों के स्मृति स्तंभ का अनावरण किया। बाद में डीएम के कार्यालय कक्ष में राजस्व अधिकारियों के साथ बैठक कर राजस्व से संबंधित कार्यों की समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिए।
आईजीआरएस जन सुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति जांचने पर उन्होंने पाया गया कि 42 शिकायतों का निस्तारण किया जाना शेष है। उन्होंने निस्तारित शिकायतों की गुणवत्ता भी परखी जो बेहतर पाई गई। डेटा अपडेट का कार्य भी 80 प्रतिशत पूरा पाया, लेकिन तहसील व जिलास्तर पर राजस्व न्यायालयों के लंबित मामलों की समीक्षा से पता चला कि तहसील पुवायां में कोर्ट के लंबित मामले अधिक हैं। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह से सीआरपीसी के मुकदमों पर चर्चा की और घरौनी के कार्यो की गति बढ़ाने के निर्देेश दिए।
लिपिकों की संख्या कम बताए जाने पर उन्होंने प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्हें बताया गया कि जनपद में 622 लेखपाल हैं और उनके तमाम पद रिक्त है। परिषद के अध्यक्ष ने डीएम इंद्र विक्रम सिंह को 199 लेखपालों की नई भर्ती हेतु अधियाचना भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन लेखपालों और कानूनगो को पदोन्नत किया जाना है, उसकी कार्यवाही शुरू करें। अधिकारियों से सुझाव मांगे जाने पर डीएम ने लेखपालों के लिए पोर्टल स्टेशन मशीन लगवाने का सुझाव दिया।
इससे पूर्व, राजस्व परिषद अध्यक्ष ने कलक्ट्रेट परिसर में जनपद के अमर शहीदों ओर सेनानियों के जीवन परिचय पर आधारित स्तंभ का अनावरण और आजादी वृक्ष के चबूतरे पर हुए सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। ग्रेनाइट पत्थर से तैयार किए गए स्तंभ पर जनपद के 41 शहीदों और सेनानियों के नाम-पते उकेरे गए हैं। बाद में परिषद के अध्यक्ष ने मंडलायुक्त आर. रमेश और डीएम के साथ कलक्ट्रेट पार्क में पौधरोपण किया। बाद में उन्होंने राजस्व अभिलेखागार में पुराने एवं नवीन अभिलेखों का निरीक्षण कर उन्हें वर्षवार क्रमानुसार रखने के निर्देश दिए।
इसी क्रम उन्होंने संग्रह अनुभाग में जाकर पटल वार पत्रावलियों के निस्तारण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कोविड कंट्रोल रूम एवं निर्वाचन कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम प्रशासन राम सेवक द्विवेदी, एडीएम फाइनेंस गिरिजेश कुमार चौधरी, परिषद अध्यक्ष के विशेष कार्याधिकारी एवं एडीएम न्यायिक राशित अली, एसडीएम दशरथ कुमार, बरखा सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।