शाहजहांपुर। बारिश के चलते वायरल बुखार और मलेरिया का प्रकोप बढ़ने के बाद प्रतिदिन दवा की खपत में उछाल आया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में दो गुना मांग बढ़ी है, जबकि पीएचसी-सीएचसी पर 25 प्रतिशत तक दवा की खपत में इजाफा हुआ है।
पिछले 15 दिन से वायरल बुखार और मलेरिया से लोग परेशान हैं। जिला मुख्यालय व स्वास्थ्य इकाइयों पर मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। दूसरी ओर अस्पताल में दवा की खपत भी दो गुना हो गई। राजकीय मेडिकल कॉलेज में दो गुना दवा की मांग आई। आमतौर पर पहले रोजाना 35 हजार रुपये की पैरासिटामॉल, एंटी बायोटिक, रोगियों को चढ़ाई जाने वाली ड्रिप व इंजेक्शन आदि की खपत होती थी। यह बढ़कर 70 हजार रुपये से अधिक हो गई। इसी तरह स्वास्थ्य इकाइयों में 25 प्रतिशत तक दवाओं की खपत में इजाफा हुआ है। एसीएमओ डॉ. गोविंद स्वर्णकार ने बताया कि दवाएं पर्याप्त मात्रा में हैं। एंटी मलेरिया, एंटीबायोटिक आदि की दवाएं ही अधिक दी जातीं हैं।