गन्ना शोध परिषद में मास्टर ट्रेनर्स को जानकारी देते हुए वैज्ञानिक। स्रोत: विभाग
शाहजहांपुर। गन्ना शोध परिषद में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में मास्टर ट्रेनर्स तैयार किए गए। उन्हें उन्नत गन्ना किस्म, रोग प्रबंधन, कीट नियंत्रण, आधुनिक कृषि यंत्रों के प्रयोग की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन सोमवार को प्रतिभागियों को शोध प्रक्षेत्र का भ्रमण कराकर गन्ने की नवीनतम किस्मों की पहचान कराई गई। विशेषज्ञों ने विभिन्न किस्मों की उपज, रोग प्रतिरोधक क्षमता और गुणवत्ता संबंधी विशेषताओं की जानकारी दी। गन्ना फसल को प्रभावित करने वाले खतरनाक कीट पायरिला और उसके प्राकृतिक परजीवी की सजीव पहचान भी कराई गई। विभिन्न उन्नत कृषि यंत्रों का भी प्रदर्शन किया गया।
प्रतिभागियों के मूल्यांकन के आधार पर निगोही परिषद को प्रथम व रोजा परिषद को द्वितीय स्थान मिला। उप गन्ना आयुक्त राजीव राय ने विजयी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। इस दौरान गन्ना अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्र, डाॅ. संजीव पाठक, वरिष्ठ वैज्ञानिक डाॅ. प्रियंका सिंह, डाॅ. सुजीत प्रताप सिंह, डाॅ. जीएन. गुप्ता आदि उपस्थित रहे।