गांव टकेली में मुकेश का घर, इसी घर में पत्नी के साथ कमरे में बंद था मुकेश
- फोटो : POWAYAN
पुवायां (शाहजहांपुर)। गांव टकेली में मुकेश कुमार की 25 वर्षीय पत्नी नीरज देवी का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला है। मुकेश भी इसी कमरे में था। उसने दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़कर शव निकाला। पति से पूछताछ की जा रही है। 32 वर्षीय मुकेश की शादी 12 वर्ष पूर्व हुई थी।
उसके दो बच्चे भी हैं। दो वर्ष पूर्व मुकेश ने गांव की ही नीरज देवी से प्रेम विवाह कर लिया तो पहली पत्नी बच्चों सहित मायके में रहने लगी। मुकेश नीरज के साथ उत्तराखंड के रुद्रपुर में फैक्टरी में काम करने लगा। नीरज परिवार भी रुद्रपुर में ही काम करते हैं। मुकेश के पिता खुशीराम की मौत हो चुकी है। मां भी घर नहीं रहती है। मुकेश का सौतेला भाई कहीं बाहर रहता है।
तीन दिन पहले मुकेश पर मोबाइल चोरी का आरोप लगा तो वह पत्नी सहित रात में घर आ गया। शनिवार दोपहर तक मुकेश और उसकी पत्नी पड़ोसियों को नहीं दिखे तो उन्होंने घर जाकर देखा। उनका कमरा अंदर से बंद था। चौकीदार ओमप्रकाश ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मुकेश को आवाज दी तो वह नहीं बोला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो मुकेश बिस्तर पर बैठा मिला और नीरज मृत पड़ी थी।
मुकेश ने बताया कि गांव के दो, गोला और रुद्रपुर के युवक उसके साथ कारखाने में काम करते थे। शुक्रवार दोपहर चारों उसके घर आए थे और उन्होंने नीरज की गला दबाकर हत्या कर दी। जान बचाने के लिए उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। तभी से कमरे में बंद है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुकेश से पूछताछ की जा रही है। नीरज के पिता अमर सिंह ने मुकेश पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। सीओ बीएस वीरकुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
झूठ बोल रहा मुकेश, पड़ोसियों ने नहीं सुना शोर
पुलिस और ग्रामीणों का मानना है कि मुकेश झूठ बोल रहा है। शुक्रवार को लोगों ने मुकेश के घर आते-जाते किसी को नहीं देखा है। उनका कहना है कि मुकेश के घर चार लोग आए होते तो पड़ोसियों को जरूर पता लगता। पुलिस ने मुकेश से पूछा कि उसने शोर क्यों नहीं मचाया? दरवाजा क्यों नहीं खोला? पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी। इस पर वह हर बार बयान बदल रहा है। नीरज के गले पर नाखूनों की खरोंच जैसे निशान मिले हैं।