मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा के दौरान बंद खिरनी बाग की दुकानें । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। जिले में मंगलवार को मुख्यमंत्री के दौरे से पहले पुलिस ने उन सभी दुकानों को बंद करा दिया, जो मुख्यमंत्री के रूट पर पड़ रही थीं। बरेली मोड़ से लेकर राजघाट पुलिस चौकी, केरूगंज से खिरनीबाग मैदान और पुलिस लाइन तक गलियों में बैरिकेडिंग कर पुलिस को तैनात कर दिया गया। इससे पूरा दिन आने जाने वालों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मुख्यमंत्री योगी ने बरेली मोड़ के पास आवास विकास कॉलोनी स्थित पूर्व सांसद बिशन चंद्र सेठ की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद कार से बरेली मोड़ से राजघाट पुलिस चौकी, केरूगंज से होते हुए खिरनीबाग मैदान तक गए थे। जहां पर उनकी दूसरी जनसभा हुई। इस रूट पर पड़ने वाली गलियों को पुलिस ने सोमवार की रात से ही बंद करना शुरू कर दिया था। गलियों के आगे बल्लियों की बैरिकेडिंग कर दी गई।
सुबह होते ही जो दुकानदार अपनी दुकानें खोलने आए। पुलिस ने उन दुकानदारों को दुुकान न खोलने की हिदायत दी। इसके बाद बगैर दुुकान खोले ही दुुकानदार अपने घर चले गए। कुछ दुुकानें खुलीं तो वे मुख्यमंत्री के आने से पहले बंद करा दी गईं। काफिला गुजरने से कई घंटे पहले रूट पर स्थित गलियों के पास लगी बैरिकेडिंग पर वाहनों को पूरी तरह से रोक दिया गया। इससे बैरिकेडिंग के पास काफी भीड़ जमा हो गई। इसी तरह बरेली मोड़ से लेकर पुलिस लाइन तक रोड पर सन्नाटा पसरा रहा।