गांव नवदिया नवाजपुर के रामदास बाल्मीकि का फाइल फोटो।
- फोटो : POWAYAN
खुटार। गांव नवदिया नवाजपुर निवासी 55 वर्षीय रामदास साइकिल सहित बिना रेलिंग वाली पुलिया से नीचे पानी में जा गिरे। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
रामदास बाल्मीकि सोमवार को साइकिल से किसी काम से गांव बेला जा रहे थे। रास्ते में गांव तुलापुर और नवदिया के बीच एक पुलिया पर रेलिंग नहीं है। पुलिया पर हर समय हादसे का अंदेशा बना रहता है। तमाम बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर ध्यान देने की जरूरत नहीं समझी है। रामदास इसी पुलिया पर पहुंचे तो उनकी साइकिल लड़खड़ा गई और वह साइकिल सहित पुलिया से नीचे पानी में जा गिरे। कुछ देर बाद लोगों ने उनको पानी में पड़ा देख बाहर निकाला और परिवार के लोगों को सूचना दी।
जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे परिजन रामदास को घर ले गए। उनको डॉक्टर के यहां ले जाने की तैयारी की जा रही थी लेकिन कुछ ही देर में रामदास ने दम तोड़ दिया। रामदास की मौत से पत्नी गीता देवी, पुत्र विष्णु, पुत्री कलावती का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव नवदिया नवाजपुर और तुलापुर के लोगों ने पुलिया पर रेलिंग बनाने की मांग की है। पुलिस को जानकारी नहीं दी गई है।