थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव खाड़े दुयरिया में सोमवार को 18 वर्षीय कमलेश का शव गांव के बाहर चांदनी के पेड़ से लटका मिला। परिवार वालों ने आत्महत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता रामस्नेह ने बताया कि सोमवार को दिन में करीब दस बजे छोटे बेटे कमलेश ने चाय पी थी। घर में खाना भी तैयार हो गया था। उन्होंने कमलेश से कहा कि खाना खा लो। उसने कहा कि वह कुछ देर में खाना खा लेगा। यह कहते हुए कमलेश घर से निकल गया। रामस्नेह साइकिल लेकर जलालाबाद में बाजार से खरीददारी करने निकल गए। दिन में करीब 12 बजे ग्रामीणों ने गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर चांदनी के पेड़ में कमलेश का शव लटका देखा। कमलेश ने अपनी लुंगी से फांसी लगाई थी। सूचना लगते ही परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। सचूना पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिवार वाले आत्महत्या की वजह नहीं बता पा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह से फांसी से लटकना बताई गई है।
मृतक के घर में मचा कोहराम
पिता रामस्नेह के मुताबिक कमलेश किसी की बात सहन नहीं करता था। पता नहीं उसे किसकी बात लग गई। जो उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। बेटे की मौत से मां विमला देवी का रो-रोककर बुरा हाल है। मृतक के दो भाई और पांच बहने हैं।