जलालाबाद। गांव सराय साधौ निवासी करीब रामस्वरूप (46) ठेला चलाता था। कुछ सालों से वह गांव छोड़कर अपने पत्नी-बच्चों सहित फर्रुखाबाद रोड स्थित मूंगफली के पालेसर पर आकर रहने लगा। यहां उसके पत्नी व बच्चे मूंगफली की छिलाई व बिनाई का काम करने लगे।
शनिवार सुबह चार बजे फर्रुखाबाद हाइवे पर कंचन धर्मकांटे के पास रामस्वरूप के घायल पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को देते हुए घायल रामस्वरूप को सीएचसी भिजवाया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय रामस्वरूप पैदल था। वह कहां जा रहा था, इसकी जानकारी घरवालों को भी नहीं थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रामस्वरूप के घर में पत्नी लक्ष्मी के अलावा चार बेटे व दो बेटियां हैं। इनमें सबसे बड़ा बेटा आशीष केवल 14 साल का है।