जलालाबाद में पुलिस गिरफ्त में एटीएम से पैसे उड़ाने का आरोपी। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जलालाबाद। एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रुपये उड़ाने के एक आरोपी को ग्रामीण ने पकड़ लिया जबकि उसका साथी भाग निकला। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी के पास से बड़ी संख्या में विभिन्न बैंक के एटीएम कार्ड भी मिले हैड्ड।
थाना अल्हागंज के गांव कोठा मंझा निवासी मिहीलाल ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम वह जलालाबाद की तहसील रोड स्थित एक एटीएम में कार्ड डालकर बैलेंस चेक कर रहा था। इसी दौरान दो युवक अंदर घुस आए और जल्दी काम निपटाने को कहा। उसके द्वारा एक युवक को कार्ड देकर पासवर्ड बताते हुए बैलेंस चेक करने को कहा। इस दौरान युवक ने बैलेंस की पर्ची निकाल दी परंतु एटीएम कार्ड बदलकर उसे दूसरा थमा दिया और जल्दी ही बाहर निकल गए। शक होने पर वह पीछे दौड़ा। चौराहे के पास एक को उसने पकड़ लिया जबकि उसका साथी भाग निकला।
एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बबलू उर्फ विजय कुमार बताया वह जनपद कासगंज के थाना सोरो के गांव प्रहलादपुर का निवासी है। उसके पास से विभिन्न बैंक के कई एटीएम कार्ड भी मिले। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने गांव निवासी मानपाल व देवेंद्र के साथ वर्ष 2019 से दिल्ली में रह रहे हैं। वे लोग एटीएम मशीनों के पास मौजूद रहते हैं और बिना पढ़े-लिखे लोगों को निशाना बनाकर किसी तरह उनका पासवर्ड पता करके कार्ड बदल लेते हैं। अन्य एटीएम जाकर संबंधित के खाते से रुपये निकाल लेते हैं। कुछ समय पहले उनका एक साथी देवेंद्र पकड़ गया जो इन दिनों गाजियाबाद जेल में बंद है। साथी के पकड़ने के बाद वह और मानपाल यहां चले आए। आज वे लोग फिर दिल्ली जा रहे थे। बताया कि भागने वाला उसका साथी मानपाल है। वही मास्टरमाइंड है। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।