शाहजहांपुर। राष्ट्रीय लोक अदालत में शनिवार को विभिन्न प्रकृति के कुल 1,51,038 वादों का निस्तारण किया गया। ऋण के मामलों में लोगों को बड़ी राहत मिली। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम प्रतिभा ने 20 वर्ष पुराने वादों का निस्तारण किया। विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन कुल 10 पुराने वादों का निस्तारण किया गया। जनपद एवं सत्र न्यायाधीश विष्णु कुमार शर्मा ने एक क्रिमिनल मिस्लीनियस वाद का निस्तारण किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष विष्णु कुमार शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। प्राधिकरण के सचिव अपेक्षा सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन कुल 9296 वादों के निस्तारण के बाद 3,21,46,273 रुपये की धनराशि का जुर्माना वसूल किया गया।
विभिन्न राजस्व न्यायालयों की ओर से कुल 1,25,592 राजस्व वादों का निस्तारण किया गया। ऑनलाइन चालानी से संबंधित 4373 मामलों का निस्तारण कराते हुए कुल 37,98,700 शमन शुल्क वसूला गया। विभिन्न बैंकों के लोन रिकवरी से संबंधित 656 प्री-लिटिगेशन वादों का निस्तारण कराते हुए कुल 6,00,17,580 रुपये की धनराशि के ऋण खातों का समझौता कराया गया।
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रिजवान अहमद ने मोटर यान दुर्घटना से संबंधित कुल 39 वादों का निस्तारण कर अंकन 3,12,41,300 रुपये प्रतिकर धनराशि के रूप में दिलाने का आदेश पारित किया। पीठासीन अधिकारी के प्रयासों से कहकशा बनाम आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेस की पत्रावली में अब तक के सबसे अधिकतम प्रतिकर की धनराशि 42 लाख रुपये में सुलह समझौता कराकर मामला निस्तारित किया गया।
जनपद न्यायाधीश ने परिसर में जिला कारागार के बंदियों, राजकीय बालगृह (शिशु एवं बालक) के बालकों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी-स्टाॅल का फीता काटकर उद्घाटन किया।
जनपद न्यायाधीश ने देवकली की समस्या का कराया निस्तारण
जनपद न्यायाधीश ने ऋण संबंधी वाद से पीड़ित देवकली से वार्ता कर उसकी समस्या को सुना गया। देवकली ने बताया कि उन्होंने एसबीआई की पुवायां शाखा से केसीसी ऋण लिया था। इसका वह भुगतान नहीं कर पाईं। जनपद न्यायाधीश ने बैंक अधिकारी को बुलाकर निर्देशित किया कि देवकली को दिए जाने वाले ऋण और ब्याज की धनराशि से छूट प्रदान करते हुए मूलधन की वापसी में भी कटौती करते हुए ऋण लाभ दिया जाए। देवकली ने उनका आभार जताया।
लोगों की बात
मां ने बैंक से 84 हजार रुपये का ऋण लिया था। 42 हजार जमा कर चुके हैं। शेष ऋण को एकमुश्त जमा कराने के लिए समझौता को आए हैं।
- अनूप कुमार
बाइक के तीन चालान कटे हैं। निस्तारण के लिए लोक अदालत में आए हैं। यहां पर कुछ छूट मिल जाएगी। एक साथ रकम जमा कर देंगे।
- आशीष
करीब सात साल पहले बैंक से बेटे ने 1.70 लाख रुपये का ऋण लिया था। उसने एक भी किस्त जमा नहीं की। निस्तारण के लिए आए हैं।
- शांति देवी
पिकअप वाहन का 10 हजार रुपये का चालान हो गया है। लोक अदालत में चालान का निस्तारण कराने आए हैं। उम्मीद है कि राहत मिलेगी।
- संजीव
जजी कचहरी परिसर में आयोजित लोक अदालत में वादों का निस्तारण कराते वादकारी। संवाद
जजी कचहरी परिसर में आयोजित लोक अदालत में वादों का निस्तारण कराते वादकारी। संवाद
जजी कचहरी परिसर में आयोजित लोक अदालत में वादों का निस्तारण कराते वादकारी। संवाद
जजी कचहरी परिसर में आयोजित लोक अदालत में वादों का निस्तारण कराते वादकारी। संवाद