ढाईघाट गंगातट पर शुक्रवार से शुरू हुए माघ मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स पहुंच गया है। मंगलवार को मेला कोतवाली प्रभारी ने पुलिस के साथ मेले का भ्रमण किया। दुकानदारों और कल्पवासियों की आमद में बढ़ोत्तरी से मेले में रौनक बढ़ने लगी है। शुक्रवार से गंगातट पर कल्पवास कर जंगल में मंगल मना रहे श्रद्धालुओं में पुलिस के नहीं पहुंचने से असुरक्षा की भावना थी, लेकिन मंगलवार को मेला कोतवाली प्रभारी कुलदीप मिश्र ने पुलिस फोर्स के साथ मेले में पहुंचकर अपनी आमद दर्ज करवा दी है।
एसपी केबी सिंह ने मेले की सुरक्षा के लिए जिले के विभिन्न थानों से आठ उपनिरीक्षक, दो एचसीपी, 55 कांस्टेबल, पांच महिला कांस्टेबल, दो ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल, फायर यूनिट मय उपकरण को छह जनवरी से 13 फरवरी तक मेले में तैनात किया है।
मेला कोतवाली प्रभारी कुलदीप मिश्र ने बताया कि वह मेले की सुरक्षा में डटे हुए हैं। डायल-100 पुलिस का भी सहयोग ले रहे हैं। दूसरे थानों से ड्यूटी पर लगाया गया फोर्स भी मेले में पहुंच रहा है। एक एसआई ने मंगलवार को ही मेले में आमद कराई है। मेला बाबू तुलसीराम ने बताया कि मेले में जिला पंचायत कैंप कार्यालय में खजाने की सुरक्षा के लिए प्रति वर्ष आने वाली एपी गारद अभी तक नहीं आई है। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी शिशुपाल सिंह यादव ने मेलाबाबू को खजाने की सुरक्षा के लिए गारद की मांग उपलब्ध कराने के लिए डीएम को पत्र भेजा है।