हाइवे स्थित मेजबान होटल के पास लाल बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने फर्टिलाइजर व्यापारी कृष्णमोहन गुप्ता को तमंचे की बट मार घायल कर उनसे लैपटॉप, चेेकबुक और 20 हजार की नगदी लूट ली। व्यापारी का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना को पुलिस क्षेत्राधिकार विवाद में उलझाकर पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है।
आरसी मिशन थाना क्षेत्र के दलेलगंज के कृष्ण मोहन गुप्ता की रोजा मंडी के सामने फर्टिलाइजर की दुकान है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार को शाम करीब साढ़े छह बजे वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। मेजबान होटल के आगे सूनसान स्थान पर एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। न रुकने पर एक बदमाश ने चलती बाइक पर ही तमंचे की बटों से प्रहार कर दिए। इससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गए। बदमाश कृष्ण मोहन से उनका लैपटॉप, चेकबुक और 20 हजार रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। कृष्ण मोहन ने किसी तरह से घटना की सूचना घरवालों और पुलिस को दी। इस मामले में आरसी मिशन थाने को तहरीर दी गई, लेकिन उन्होंने घटना रोजा थाना क्षेत्र की बताते हुए मामले को टरका दिया। इसी तरह रोजा थाने में भी पीड़ित की फरियाद नहीं सुनी गई। दोनों थानों के बीच क्षेत्राधिकार में मामला उलझने से बदमाश खुले घूम रहे हैं। लूट के मामले में रोजा प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि घटना उनके क्षेत्र से बाहर की है। इसकी रिपोर्ट आरसी मिशन थाने में ही लिखी जाएगी जबकि आरसी मिशन प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र पाठक ने बताया कि घटना उनके क्षेत्र में नहीं हुई है।