बंडी के पास खेत में तेंदुआ होने की जानकारी पाकर पहुंचे लोग
- फोटो : POWAYAN
बंडा। बंडा के पास गांव धर्मापुर, बंडा आदि क्षेत्र में घूम रहा तेंदुआ शनिवार को फिर देखा गया। सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच करने की जरूरत नहीं समझी है। तेंदुए के कारण गांव के लोगों में दहशत है।
शनिवार दोपहर गांव धर्मापुर निवासी अरुण त्रिवेदी वापस घर आ रहे थे। गांव बंडी के पास बाग में उन्होंने तेंदुए को देखा। शोर मचाने पर तेंदुआ पास के गन्ने के खेत में चला गया। शोर सुनकर गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंचे और शोर शराबा किया, लेकिन तेंदुए गन्ने में ही छिपा बैठा रहा। बाग से लेकर खेत तक तेंदुए के पंजों के निशान बने हुए हैं। लोगों ने वन विभाग को सूचना दी मगर वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे।
गौरतलब है कि गांव धर्मापुर के पास गन्ने के खेत में तेंदुए ने एक ही दिन में तीन लोगों को घायल कर दिया था। घटना के दिन मौके पर पिजड़ा और कैमरे लगवाए गए थे, लेकिन अगले दिन ही पिजड़ा और कैमरे मौके से हटा लिए गए। इसके बाद तेंदुआ कई बार दिख चुका है, लेकिन वन विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। तेंदुआ गांव धर्मापुर में दो बार जा चुका है। तेंदुए के साथ शावक भी देखे गए हैं।
गांव बंडी के पास तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिल गई है। टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। लोग सतर्क रहें और खेत पर समूह में काम करने जाएं। काम करते समय आवाज करते रहें।
दिलीप कुमार, एसडीओ वन विभाग शाहजहांपुर