शाहजहांपुर में नालियों में मच्छरों से बचाव को लिए छिड़काव करती टीम। स्रोत : स्वास्थ्य विभाग
शाहजहांपुर। संचारी रोग नियंत्रण में दस्तक अभियान के तहत रोजा की रेलवे कॉलोनी में मलेरिया और फाइलेरिया को फैलाने वाले मच्छर का लार्वा मिला है। इसकी रिपोर्ट अधिकारियों को दी गई है। बुधवार को यहां एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा।
मंगलवार को इंसेक्ट कलेक्टर सज्जन कुमार ने रोजा की रेलवे कॉलोनी में नालियों में लार्वा की तलाश की। उन्होंने छह जगहों पर लार्वा तलाशे, जहां फाइलेरिया फैलाने वाला 369 लार्वा मिले हैं। इसी तरह साफ पानी में मलेरिया रोग फैलाने वाले 172 लार्वा मिले हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी राजीव मौर्या ने बताया कि बुधवार को टीमें भेजकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। शहर के मोहल्ला अलीजई में 21 घरों का आशा कार्यकर्ता के जरिये सर्वे किया। उन्हें बुखार का कोई राेगी नहीं मिला। कूलर, फ्रिज, टायर आदि में लार्वा नहीं मिला। महमंद जलालनगर में 107 जगहों पर तलाशी के बाद भी लार्वा नहीं मिला। मोहल्ला जियाखेल में एक घर में मलेरिया का लार्वा मिला है।