फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: बरेली मोड़ की दो कॉलोनियों के चार घरों से लाखों की चोरी

विज्ञापन
बरेली मोड़ ​स्थित शांतिकुंज कॉलोनी में घटना की जानकारी देतीं माया देवी। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। बरेली मोड़ पर लखनऊ-दिल्ली हाईवे के नजदीक दो कॉलोनियों के चार घरों से चोरों ने सोमवार रात जेवर-नकदी समेत लाखों का माल चोरी कर लिया। चोर जेवर-नकदी निकालकर कपड़ों से भरे बक्से खेतों में छोड़ गए। एक ही रात चार घरों में चोरी की वारदातों से अजीजगंज पुलिस चौकी की गश्त पर प्रश्न चिह्न लग रहे हैं। घटनाओं की तहरीर दिए जाने पर अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
विज्ञापन

नवादा इंदेपुर की न्यू कॉलोनी निवासी संजीव कुमार दीक्षित के घर के बाहर लगी खिड़की से चोर भीतर दाखिल हो गए। रात में पूरा परिवार दूसरी मंजिल पर सो रहा था। चोर कमरे में रखी अलमारी के दरवाजों के कब्जे उखाड़ कर वहां से सोने का हार, मांग टीका, सोने की दो अंगूठी, चांदी की करधनी, एक जोड़ी पाजेब समेत करीब आठ हजार रुपये चुरा ले गए। सुबह जाग होने पर दरवाजे खुले और सामान बिखरा देखकर संजीव ने पुलिस को सूचना दी।
नवादा इंदेपुर की न्यू काॅलोनी निवासी मुनेंद्र निजी काम करते हैं। चोर उनके घर में भी बाहर लगी खिड़की से आंगन में पहुंच गए। बाद में कमरों में घुसकर वहां से दो बक्से उठा ले गए। चोरों ने बक्सों में रखा सोने का हार, सोने के झाले, दो अंगूठी, पायलें आदि जेवर समेत करीब 40 हजार रुपये चुरा लिए। इस दौरान मुनेंद्र का परिवार भी छत पर सो रहा था। सुबह जाग होने पर घरवालों ने सामान बिखरा देखा। बाद में घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में बक्से और कपड़े मिल गए, लेकिन नगदी, जेवर गायब था।
विज्ञापन


हाईवे के दूसरी ओर स्थित शांतिकुंज कॉलोनी निवासी रेलवे कर्मी वीरपाल रात की ड्यूटी पर गए थे। उनकी मां माया देवी नीचे बैठक में और पत्नी शशि छत पर सो रहीं थीं। इसी दौरान चोर बगल में खाली पड़े प्लाॅट से मकान की छत पर पहुंचे और बगैर दरवाजे के जीने से नीचे आंगन में पहुंच गए। चोराें ने बैठक के दरवाजे पर बाहर से कुंडी डालकर माया देवी को अंदर बंद कर दिया। इसके बाद अलमारी का लाॅक तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर और 60 हजार रुपये चुरा ले गए।

शांतिकुंज काॅलोनी में रहने वाले बंडा ब्लाॅक में तैनात सफाईकर्मी अरुण कुमार के मकान को भी चोरों ने अपना निशाना बनाया। मुख्य द्वार से घर के भीतर जाकर चोर कमरे में रखा बक्सा उठा ले गए। चोरों ने उसमें रखे करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर और दो हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। खाली बक्सा चोर पास ही एक प्लाॅट में डालकर भाग गए।


सीसीटीवी फुटेज से चोरों का नहीं लगा सुराग
चारों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए चौक कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने अजीजगंज पुलिस चौकी प्रभारी इतेश तोमर को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। चौकी प्रभारी ने चारों घरों का मौका मुआयना किया। उन्होंने वहां के लोगों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखे, लेकिन चोरों का कुछ पता नहीं लगा। बता दें कि अजीजगंज चौकी पर प्रभारी समेत तीन दारोगा और 16 सिपाही तैनात हैं। पुलिस रात में गश्त करने का दावा भी करती है। ऐसे में पुलिस की सजगता को क्षेत्र के लोग दिखावटी मान रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

सिरखिड़ी में पंचायत घर का ताला तोड़कर चोरी

पुवायां। ग्राम पंचायत सिरखिड़ी का पंचायत घर मजरा बसखेड़ा खुर्द में बना है। सोमवार रात चोरों ने ताले तोड़कर पंचायत घर के कमरे में रखी पांच बैटरी और इन्वर्टर चोरी कर लिया। पास में ही रखा लैपटॉप चोर नहीं ले गए। मंगलवार सुबह पंचायत घर के तालू टूटे देख चोरी का पता चल सका। इसके बाद प्रधान ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
बतादें कि इससे पूर्व गांव चौंसेड़ा के रक्षपाल के घर जमीन में गाड़े गए 15 हजार रुपये, सोने का मंगलसूत्र, मांगबेंदा, झुमकी, नथ, चांदी का कमर बिछुआ, पायल चोर खोद ले गए थे। रक्षपाल ने तीन मई को तहरीर दी थी, लेकिन इस मामले में भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि पंचायत घर में हुई चोरी की तहरीर बड़ागांव पुलिस चौकी को दी गई है। जांच कराई जा रही है। संवाद

बरेली मोड़ स्थित शांतिकुंज कॉलोनी में घटना की जानकारी देतीं माया देवी। संवाद

बरेली मोड़ स्थित शांतिकुंज कॉलोनी में घटना की जानकारी देतीं माया देवी। संवाद

बरेली मोड़ स्थित शांतिकुंज कॉलोनी में घटना की जानकारी देतीं माया देवी। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें