स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही हॉकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी। खेल विभाग
शाहजहांपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबला खेलो इंडिया सेंटर ने अपने नाम किया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया।
शुक्रवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा में एथलेटिक्स बालक वर्ग प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम दुर्गेश यादव ने किया। बालक वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता में 6 टीमों तथा एथलेटिक्स में कुल 125 खिलाड़ियों ने भाग लिया। हॉकी प्रतियोगिता में पहला क्वार्टर फाइनल संत कबीर पब्लिक स्कूल तथा प्राइमरी स्कूल हथौड़ा के बीच हुआ। इस मुकाबले को संत कबीर पब्लिक स्कूल ने 3-0 से जीत लिया। दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच खेलो इंडिया सेंटर और स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा के बीच हुआ। इसमें खेलो इंडिया सेंटर ने 3-2 से बाजी मारी। दून इंटरनेशनल तथा प्रिंस क्लब ने सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश पाया। पहला सेमीफाइनल मैच संत कबीर पब्लिक स्कूल व दून इंटरनेशनल के बीच खेला गया। इसमें संत कबीर पब्लिक स्कूल की टीम 2-0 से विजयी रही। दूसरा सेमीफाइनल मैच खेलो इंडिया सेंटर व प्रिंस क्लब के बीच खेला गया जिसमें खेलो इंडिया सेंटर को 6-0 से जीत मिली। फाइनल मुकाबला खेलो इंडिया की टीम तथा संत कबीर स्कूल के बीच हुआ। फाइनल मुकाबला खेलो इंडिया ने 4-0 से जीतकर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली।
बालक वर्ग एथलेटिक्स की 100 और 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में आफरोज बाबू प्रथम रहे। 400 मीटर दौड़ में कुलदीप, 800 मीटर में मोहम्मद शोएब, 1500 मीटर में विनीत तिवारी, 5000 मीटर दौड़ में विनीत तिवारी अव्वल रहे। 3000 मीटर वॉक रेस में पंकज प्रथम रहे। 10000 मीटर में मोहम्मद शोएब ने पहला स्थान पाया। लंबी कूद में अनुराग मिश्रा, ऊंची कूद में कुलदीप, गोला और भाला फेंक में ईशांत सिंह प्रथम रहे। प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में सचिन कुमार, अनूप कुमार, सौरभ कुमार, सुनील कुमार व बृजेश कुमार आदि की भूमिका रही।