गंगा किनारे रेत पर बस रहे तम्बुओं के शहर कार्तिक मेला ढाईघाट मे बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दुकानदारों के आने का क्रम जारी रहा। बृहस्पतिवार सुबह सीडीओ ने मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बृहस्पतिवार सुबह सीडीओ टीके शिबू ने मेले में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेले के तीसरे पश्चिमी बाईपास का निर्माण पूर्ण नहीं होने तथा गंगा घाटों पर गंदगी और ऊबड़ खाबड़ जगह देखकर सीडीओ ने मेला व्यवस्थापक जिला पंचायत के मेला इंचार्ज तुलसीराम को आवश्यक निर्देश दिए। इस पर मेलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा और जेई राहुल कांबले ने जेसीबी से मेले के पश्चिमी बाईपास रोड तथा गंगा घाटों की सफाई और समतलीकरण का कार्य करवाया।
मेले के सदर बाजार में दुकानदार अपनी अपनी दुकाने लगाने में लगे हुए हैं। गंगा के जलस्तर में काफी गिरावट आ जाने से जिला पंचायत द्वारा गंगा घाटों पर सुरक्षित स्नान को करवाई गई बेरीकेटिंग बेकार साबित हो रही है। स्नानार्थियों पर नजर रखने के लिए पीएसी की फ्लड यूनिट भी मोटर वोट तथा तैराकी उपकरणों के साथ मेले में पहुंच गई है।
किसानों को दी वैज्ञानिक ढंग से खेती की जानकारी
मिर्जापुर। ढाईघट मेले में लगी कृषि विकास प्रदर्शनी में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को रबी फसल की बुवाई से लेकर फसल सुरक्षा तथा उरर्बकों के उपयोग की विधि बताई। पशु चिकित्सक मुश्ताक अहमद ने पशुओं में होने वाले रोगों की पहचान और बचाव की जानकारी दी। प्रदर्शनी में गन्ना, मृदा परीक्षण, उद्यान, पशु पालन,दुग्ध विकास के साथ ही कृषि विकाग के स्टाल लगाये जा चुके हैं जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायतराज, विकास आदि विभागों के स्टाल अभी तक नहीं लग सके हैं। प्रदर्शनी का उद्घाटन शुक्रवार को डीएम रामगणेश द्वारा किया जायेगा।