पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर किया प्रदर्शन
कांशीराम कॉलोनी में तीन दिन से पानी की सप्लाई नहीं मिलने से नाराज कॉलोनी के लोगों ने बुधवार को नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ कॉलोनी परिसर में स्थित ओवरहेड टैंक के सामने नारेबाजी कर प्रदर्शन दिया। इसके बाद डीएम को पत्र भेजकर आपूर्ति दिलाए जाने की मांग की।
बुधवार को कॉलोनी के तमाम बाशिंदे पानी की टंकी के पास एकत्रित हुए। उनका कहना था कि कॉलोनी में तीन दिन से पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है। इससे बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। नगर पालिका कार्यालय में अफसरों से जाकर इसकी शिकायत भी की जा चुकी है। पर आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। इससे पहले भी कई बार सप्लाई बाधित हो चुकी है। लोगों ने चेताया यदि 24 घंटे के भीतर सप्लाई सुचारू रूप से नहीं मिली तो हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद कॉलोनी वासियों ने डीएम को पत्र भेजकर समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र प्रसाद, सुहेल मंसूरी, रामरतन, प्रमोद कोहली, मोहम्मद सलीम अंसारी, रोशन जहां, सुभाष चंद्र, दीपक, आरिफ खां, प्रदीप, यामीन, विचित्र पाल, इरफान, ओमी, सर्वेश, राजेश चौहान, श्रीकृष्ण, राहुल, सुरेश, अखिलेश, प्रेमपाल आदि शामिल रहे।