एसई कार्यालय में प्रदर्शन करते राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के पदाधिकारी। स्रोत:
शाहजहांपुर। कलान विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत संविदाकर्मी सुदेश की करंट की चपेट में आने से मौत होने के मामले में अवर अभियंता नरेंद्र कुमार को अधीक्षण अभियंता जागेश कुमार ने निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन ने सांकेतिक विरोध जताते हुए एसई को ज्ञापन दिया।
15 नवंबर की शाम बिजली आपूर्ति ठीक करते समय करंट लगने से झुलसे संविदा लाइनमैन सुदेश की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मंगलवार की सुबह परिजनों ने हाईवे जाम कर दिया था। परिजनों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मामले में अवर अभियंता नरेंद्र कुमार की लापरवाही मानते हुए एसई ने उन्हें निलंबित कर दिया।
इसके विरोध में शुक्रवार को राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के पदाधिकारी कृष्णानगर स्थित एसई कार्यालय में एकत्र हुए। यहां सांकेतिक विरोध दर्ज करते हुए अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि दुर्घटना दुखद व संवेदनशील है। प्रकरण में बिना जांच के जेई नरेंद्र कुमार का निलंबन अनुचित है।
एसई ने उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समाधान का आश्वासन दिया। जेई संवर्ग ने निर्णय किया कि निलंबन वापस नहीं होने पर 25 नवंबर से दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर सचिव केके पटेल, आनंद केसरी, दिनेश कुमार, आदर्श कुमार, जगदीश सिंह, सत्यपाल सिंह, ब्रजेश कुमार और सागर राजेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।