शाहजहांपुर के कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। बांग्लादेश के इस्कॉन मंदिर में तोड़फोड़ और पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदुओं के उत्पीड़न के विरोध में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, हिंदू जागरण मंच आदि संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन दिया। साथ ही दोनों देशों की सरकारों से कड़ा विरोध प्रकट करने और वहां के हिंदुओं समेत उनके आस्था केंद्रों की सुरक्षा कराने के लिए संयुक्त राष्ट्रसंघ तक ऐसे मामले पहुंचाने की मांग की।
कहा गया है कि कुछ दिन पहले पाकिस्तान में हिंदू बालिका का जबरन धर्म परिवर्तन कराने में नाकाम रहने पर उसकी हत्या कर दी गई। वहां के हिंदुओं की दशा बहुत खराब हो चुकी है। इसी तरह बांग्लादेश में इस्कान मंदिर पर हमला कर हिंदुओं के साथ मारपीट कर महिलाओें से अभद्र व्यवहार किया गया। विहिप के जिला मंत्री राजेश अवस्थी ने कहा कि दोनों पड़ोसी देशों मेें पहले भी मंदिरों और हिंदू समुदाय पर हमले की घटनाएं हो चुकी हैं। इस दौरान पंकज सिंह चौहान, गौरव कुमार, गौतम सिंह, शिवसरन सिंह, अरुण कुमार, राजीव कुमार सिंह, राजेंद्र कनौजिया, गोविंद मिश्रा, केतन गुप्ता, अंकित सिंह, राम प्रसाद, सोनपाल, सुनील सक्सेना, अमर सिंह आदि शामिल रहे।