कैंटोमेंट मैदान में रोहित को मैन ऑफ द मैच देते हुए नईम। स्रोत: आयोजक
शाहजहांपुर। शहीदों की याद में आयोजित शाहजहांपुर प्रीमियर लीग टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। इनमें जेएन टाइगर और हैदर इलेवन ने शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
कैंटोंमेंट मैदान पर पहले क्वार्टर फाइनल में जेएन टाइगर ने फैंटम क्लब को 56 रनों से हराया। फैंटम क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेएन टाइगर ने निर्धारित 12 ओवर में नौ विकेट पर 137 रन बनाए। दिलशाद ने 46, आकाश ने 27 रनों का योगदान दिया। फैंटम क्लब की ओर से आकाश और अमोघ ने तीन-तीन विकेट लिए।
138 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फैंटम क्लब की पूरी टीम 81 रन पर सिमट गई। जेएन टाइगर के गेंदबाज रोहित ने चार विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया, जबकि अलशबी ने तीन विकेट हासिल किए। रोहित को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में हैदर इलेवन ने मॉर्निंग क्लब को 69 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदर इलेवन ने 12 ओवर में सात विकेट पर 147 रन बनाए। टीम के कप्तान हैदर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिसमें सात छक्के और चौके शामिल रहे। शिवम बतरा ने 30 और फैजान ने 18 रन बनाए।
148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मॉर्निंग क्लब की टीम 78 रन पर ऑल आउट हो गई। हैदर इलेवन की ओर से आरिफ ने चार विकेट हासिल किए। कप्तान हैदर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में अंपायरिंग सत्यम और फैज ने की। स्कोरिंग की जिम्मेदारी अंशुल ने निभाई। मुख्य अतिथि राजेश खन्ना मयूर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। आयोजक रजा और खादिम फैज ने बताया कि 11 मई को सुबह सात बजे मॉर्निंग क्लब और नाइट राइडर्स के बीच मैच खेला जाएगा।