पुवायां में जितिन प्रसाद का स्वागत करते एससीएसटी आयोग के अध्यक्ष मिथलेश कुमार और विधायक चेतराम
- फोटो : POWAYAN
पुवायां (शाजहांपुर)। प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का सभी वर्गों के लोगों को लाभ मिला है। कार्यकर्ता लोगों को सरकार के विकास कार्यों के बारे में जानकारी दें और संगठन को मजबूत करने का काम करें।
मंत्री बनने के बाद पहली बार पुवायां आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जितिन प्रसाद का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि सहित कई ऐसी योजनाएं है, जिनका लाभ लोगों को सीधे उनके बैंक खाते में मिल रहा है। इसके अलावा भी तमाम योजनाएं हैं। विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचने से अधिक जन समर्थन मिल सकेगा।
इसके बाद जितिन प्रसाद जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष रहे विनोद मिश्रा के आवास पर पहुंचे और उनके निधन पर दुख जताते हुए परिवार के लोगों को सांत्वना दी। जितिन प्रसाद के साथ एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष मिथलेश कुमार, विधायक चेतराम, डॉ. सुधीर गुप्ता, विश्वदीप अवस्थी, विपिन त्रिपाठी सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।