जलालाबाद में चोरी के बाद कमरे में टूटा पड़ा बक्सा व बिखरा पड़ा सामान। स्रोत: जागरुक पाठक
मीरानपुर कटरा। किसान के मकान में बुधवार रात चोरों ने धावा बोलकर आभूषण समेत लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
गांव नवादा तालुके पलिया निवासी राहुल सिंह बुधवार की रात खुदागंज के गांव भुंडा में शादी में गए हुए थे। आधी रात के बाद मकान में दीवार फांदकर चोर घुस गए और अलमारी के ताले तोड़कर लाखों का माल चोरी कर लिया। चोरों ने राहुल सिंह की पत्नी स्वांगी सिंह के कान से सोने के झाले खींचे। तभी उनकी आंख खुल गई। उनके शोर मचाने पर चोर भाग गए।
जाग होने पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। राहुल सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण व 20 हजार रुपये ले गए हैं। पुलिस ने गांव में जाकर जांच पड़ताल की। गांव के एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर जुगल किशोर पाल ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मिले प्रार्थना पत्र की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बक्से का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी
जलालाबाद। अल्हागंज क्षेत्र के गांव चौकी आजमपुर में बुधवार की रात एक लाख रुपये और जेवरात चोरी हो गए। गांव चौकी आजमपुर निवासी अखिलेश जनसेवा केंद्र के संचालक हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह रात में परिजनों के साथ सो रहे थे। इस दौरान मकान की दीवार फांदकर चोरों ने उनके कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ा और उसमें रखे एक लाख रुपये के साथ सोना-चांदी के आभूषण निकालकर ले गए। सुबह उठने पर घटना की जानकारी हुई। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। संवाद