जलालाबाद। यात्रियों को जल्द ही सुविधायुक्त आधुनिक बस अड्डे की सौगात मिल जाएगी। पुराने बस अड्डे का कायाकल्प कर उसे आधुनिक बनाने का नौ महीने पहले शुरू हुआ काम 70 प्रतिशत से ज्यादा पूरा हो चुका है। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के अनुसार, जुलाई तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
विधायक हरिप्रकाश वर्मा के प्रयास से शासन ने नगर के बस अड्डे के आधुनिकीकरण के लिए करीब 5.26 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की थी। 16 अगस्त 2025 को विधायक ने इसके निर्माण संबंधी कार्य को शुरू करने के लिए भूमि पूजन किया था।
निर्माण कंपनी ने अब तक यात्रियों के बैठने को हाल, कैंटीन, छह दुकानें व बुकिंग ऑफिस तैयार कर दिया है। अभी केवल फिनिशिंग कार्य शेष है। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि जलालाबाद में रोडवेज बस अड्डे का काम तेज गति से कराया जा रहा है। कार्य की निगरानी भी की जा रही है। जल्द ही काम पूरा हो जाएगा।
जर्जर और सुविधाविहीन था बस अड्डा
बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे से करीब सौ कदम दूर खंडहर मार्ग पर बने काफी विस्तृत एरिया वाले इस बस अड्डे का भवन काफी जर्जर हो चुका था। परिसर में पेयजल, बैठने के लिए शेड, विश्रामालय व शौचालय जैसी यात्रियों से जुड़ी सुविधाओं का अकाल था। इस कारण बस के इंतजार के दौरान यात्रियों को विभिन्न तरह की दिक्कतों से जूझना पड़ता था। परिसर काफी नीचा होने से बारिश के दौरान यहां होने वाला जलभराव भी यात्रियों को काफी परेशान करता था।
आधुनिकीकरण के तहत होने हैं ये कार्य
पुराने भवन का ध्वस्तीकरण, आधुनिक सुविधायुक्त दो मंजिल नया भवन, पूरे परिसर को मिट्टी का भराव डालकर ऊंचा करने, सुरक्षा की दृष्टि से पूरे परिसर में सीसी कैमरे लगाने हैं। बसों को खड़ा करने की स्थायी व्यवस्था, स्टेशन परिसर में पब्लिक एड्रेस सिस्टम की सुविधा के अलावा शौचालय, यात्रियों के बैठने, पीने के पानी, बिजली और खानपान की सुविधा के लिए कैंटीन आदि की सुविधा मुहैया कराना है।
पुराने भवन के ध्वस्तीकरण व जो निर्माण हो चुके हैं, उनकी फिनिशिंग व बिजली से जुड़े कार्य शेष है। जुलाई तक हर स्थिति में बस अड्डा बनकर तैयार हो जाएगा। निर्माण एजेंसी को देरी होने पर जुर्माना लगाने की चेतावनी दे दी गई है।
-नरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता, सीएंडडीएस