जलालाबाद। नगर का रोडवेज बस स्टेशन बहुत जल्द आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर नए कलेवर में नजर आएगा। शासन ने इसके आधुनिकीकरण के लिए करीब 5.26 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की देखरेख में बरेली की कुमार ट्रेडिंग कंपनी जुलाई के पहले सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू करा देगी।
बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे से कुछ दूर खंडहर मार्ग पर स्थित नगर का बस स्टेशन काफी पुराना और विस्तृत एरिया वाला है, लेकिन वहां पेयजल, बैठने के लिए पर्याप्त शेड, विश्रामालय आदि यात्रियों की सुविधा से जुड़ी जरूरतों का हमेशा अकाल बना रहा।
यही नहीं, स्टेशन परिसर काफी नीचा होने से बरसात के दौरान होने वाला जलभराव यात्रियों को काफी परेशान करती है। इन्हीं जरूरतों को पूरा और खामियां दूर करने के लिए शासन ने इसके पुनर्निर्माण को मंजूरी दी है। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस इसको लेकर विस्तृत सर्वे पहले ही चुकी है। संवाद
आधुनिकीकरण के तहत होंगे ये कार्य
पुराने भवन काे ध्वस्त करके आधुनिक सुविधायुक्त दो मंजिल के नए भवन का निर्माण होगा। परिसर में मिट्टी का भराव कराकर उसे ऊंचा किया जाएगा। पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरों से लैस होगा और बसों को खड़ा करने की स्थायी व्यवस्था की जाएगी। स्टेशन परिसर में पब्लिक एड्रेस सिस्टम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा शौचालय, यात्रियों के बैठने, पीने के पानी, बिजली और खानपान की सुविधा के लिए कैंटीन आदि का प्रबंध किया जाएगा।
5.26 करोड़ रुपये की धनराशि से विभिन्न तरह के कार्य करके बस स्टेशन पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पुराने भवन की नीलामी की प्रक्रिया चल रही है। बरेली की कुमार ट्रेडिंग कंपनी को निर्माण कराने का ठेका दिया गया है, जो कि आठ-दस दिन के अंदर कार्य शुरू कर देगी।
-नरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता, सीएंडडीएस