शाहजहांपुर में काम से लौटते वक्त रोजा इफ्तार के लिए फल खरीदते समय बरेली मोड़ पर मोहम्मद सागिल (25) की बाइक को बरेली मोड़ पर डंपर से टक्कर लग गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार में मातम छाया है।
चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सिंजई निवासी राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक के कार्यकारिणी सदस्य हबीब अहमद के इकलौते पुत्र सागिल बिजली की फिटिंग का काम करते थे। मंगलवार को बरेली मोड़ स्थित कॉलोनी में काम करने गए थे। शाम में लौटते समय रोजा इफ्तार के लिए फल खरीद रहे थे। तभी तेज रफ्तार डंपर से उनकी बाइक में टक्कर लग गई।
हादसे के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच चालक मौका पाकर भाग गया। पुलिस ने घायल को तुरंत ही राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष पवन सिंह ने परिजन को सांत्वना दी।